उज्जैनः गैस सिलेण्डर्स हेरफेर को लेकर आवश्यक वस्तु अधिनियम का पहला प्रकरण दर्ज
उज्जैन, 21 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन में पुराने शहर के आर्य समाज मार्ग स्थित भारत गैस की शिप्रा गैस एजेंसी संचालक के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
जिला आपूर्ति अधिकारी शालू वर्मा ने बताया कि संबंधित एजेंसी संचालक के खिलाफ चार लाख रूपए का दण्ड भी प्रस्तावित किया गया है। साथ ही संबंधित एजेंसी के विपण अधिकारी को उन्होंने अपने कार्यालय में तलब किया है। ताकि वन टू वन जांच हो सके कि उपभोक्ता जो आरोप लगा रहे हैं,वे कितने सही हैं और जितनी बुकिंग हुई तथा जितना माल आया,उससे इतर कितनी टंकियों का मिलान डिलेवरी से नहीं हो रहा है?
मंगलवार को आर्य समाज मार्ग क्षेत्र में गैस टंकी लेने के लिए गोदाम की पर्ची बनवाने आए कई उपभोक्ताओं ने चक्काजाम कर दिया। इनमें महिला-पुरूषा,बुजूर्ग ओर बच्चे सभी शामिल रहे। इनका आरोप रहा कि वे एक माह होने के बाद भी टंकी नहीं मिलने से परेशान है। वहीं कुछ का आरोप था कि उनका नम्बर नियमानुसार तारीख आने के बाद भी नहीं लगाया जा रहा है। कुछ महिला पुरूषों ने आरोप लगाया कि एजंसी संचालक ने बाउंसर्स रखे हुए है,वे मारपीट कर रहे हैं। मौके पर महिलाओं ने एक वृद्ध की इशारा किया कि इनके साथ भी बाउंसर्स द्वारा मारपीट की गई है,सभी ने देखा है।
इधर क्षेत्रवासियों का चर्चा में आरोप रहा कि वे रोजाना यहां पर दंगल देखते हैं। खिडक़ी तक लोग डायरी लेकर पहुंच ही नहीं पाते हैं और बाउंसर्स उनके साथ धक्कामुक्की,दुव्र्यवहार करते हैं। जबकि कानून में बाउंसर्स जैसा कोई नियम नहीं है,जिसे बगैर सक्षम अधिकारी की अनुमति से रखा जाए। बाउंसर्स अपने मालिक का बचाव तब कर सकता है,जब उस पर हमला हो। यहां तो उल्टा हो रहा है। मालिक से बात करने और अपनी बात रखने वालों के साथ बाउंसर्स मारपीट कर रहे हैं। लोगों ने यहां अपनी खाली टंकी रखकर प्रदर्शन किया वहीं एजेंसी संचालक पर आरोप लगाया कि वे हमारी टंकियां ब्लेक में बेच रहे हैं।
इस संबंध में जिला आपूर्ति नियंत्रक शालू वर्मा ने बताया कि उनके पास आर्य समाज मार्ग स्थित भारत गैस की एजेंसी संचालक की काफी शिकायतें आ रही थी। उन्होने अपना स्टॉफ भेजकर वहां जांच की और आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया है। साथ ही चार लाख रूपए का जुर्माना प्रस्तावित किया है। उन्होने बताया कि इन सारी बातों को लेकर कम्पनी के विपणन प्रबंधक को भी कार्यालय में तलब किया है,ताकि उन्हें हिदायत दी जा सके। शालू वर्मा ने बताया कि वे उपभोक्तओं की शिकायतों की जांच करवा रही हैं। जांच में स्पष्ट हो जाएगा कि कितनी टंकियां प्राप्त हुई,कितने की बुकिंग की गई,कितने की डिलेवरी की गई और शेष टंकियों का क्या हुआ? उनके पास ब्लेक में टंकी बेचने की कथित शिकायतें लम्बे समय से आ रही हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्वेल