उज्जैन में गोवंश से भरी पिकअप ने मंडी में 4 लोगों को कुचला, महिला की मौत, तीन लोग घायल

 


उज्जैन, 17 अक्टूबर (हि.स.) । मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले के खाचरौद की लालबाई-फूलबाई सब्जी मंडी में शनिवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब गोवंश से भरी एक पिकअप ने वहां मौजूद लोगों को कुचल दिया। हादसे के वक्त लोग सब्जी खरीद रहे थे। दुर्घटना में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। घायलों के हाथ-पैर और सिर में चोटें आई हैं। उन्हें खाचरौद अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के मुताबिक, गोवंश से भरी पिकअप शनिवार सुबह लालबाई-फूलबाई सब्जी मंडी में कुछ देर तक खड़ी रही। इसके बाद चालक वाहन को आगे-पीछे करने लगा। इसी दौरान पिकअप दूसरी गाड़ी से टकरा गई। फिर चालक ने वाहन तेज रफ्तार से आगे बढ़ा दिया। उस समय मंडी में कई लोग सब्जी खरीदने के लिए बैठे हुए थे। पिकअप ने उन्हें टक्कर मार दी और आगे बढ़ गई। इसी दौरान रेखा उसकी चपेट में आ गई। वाहन की चपेट में आने से रेखा की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद पिकअप का पीछा कर रहे लोगों के मुताबिक, वाहन की रफ्तार इतनी तेज थी कि वह रेखा के ऊपर से निकल गया। मंडी में लोगों को टक्कर मारने के बाद चालक कस्बे की गलियों से तेज रफ्तार में भागने लगा। इस दौरान सड़क किनारे खड़े ऑटो और अन्य वाहनों को टक्कर लगी। घरों के बाहर बने ओटलों को भी नुकसान पहुंचा। भागते हुए पिकअप रावला क्षेत्र में बिजली के खंभे से जा टकराई। इसके बाद चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया और लोग मौके पर जमा हो गए।

सूचना मिलने पर खाचरौद थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने पिकअप क्रमांक एमपी-13-जेएक्स-0596 को जब्त कर लिया है। वाहन में मौजूद गोवंश को भी पुलिस ने अपने कब्जे में लिया। मृत महिला के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए शासकीय अस्पताल खाचरौद भेजा गया है। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।

खाचरौद थाना प्रभारी धनसिंह नलवाया ने बताया कि फरार चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि गोवंश कहां से लाया जा रहा था और पिकअप किस दिशा में जा रही थी। इन बिंदुओं के आधार पर मामले की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत