उज्जैनः नगर निगम बनाएगा 14 करोड़ लागत से 15 मीटर चौड़ी सडक़, 136 मकान होंगे प्रभावित

 


उज्जैन, 08 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन में मंगलवार को नगर निगम ने गुदरी से हरसिद्धि की पाल तक सडक़ चौड़ीकरण हेतु ली जाने वाली जगह के लिए सडक़ के सेंटर से नपती करके 136 मकानों पर निशान लगाए। करीब 14 करोड़ रू . लागत से बननेवाली इस सडक़ की चौड़ाई 15 मीटर होगी। इसमें मार्ग का विकास कार्य भी शामिल है।

निगमायुक्त अभिलाष मिश्रा ने बताया कि सिंहस्थ महापर्व की तैयारियों के दृष्टिगत शहर के प्रमुख मार्गों के विकास एवं यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए गुदरी चौराहा से पानदरिबा होते हुए हरसिद्धि पाल तक लगभग 570 मीटर लंबे मार्ग को 15 मीटर चौड़ा किया जाएगा। प्रस्तावित सडक़ चौड़ीकरण एवं विकास कार्य की 14 करोड़ रू.की राशि नगर निगम को राज्य शासन उपलब्ध करवाएगा। यह मार्ग शहर के महत्वपूर्ण एवं व्यस्त मार्गों में शामिल है। बाबा महाकाल की सवारी के साथ ही सिंहस्थ महापर्व के दौरान निकलने वाली पेशवाई का प्रमुख मार्ग होने के कारण इसका विशेष महत्व है। इसके अलावा रामघाट एवं हरसिद्धि मंदिर क्षेत्र की ओर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं तथा आम नागरिकों के लिए भी यह प्रमुख संपर्क मार्ग है। सिंहस्थ के दौरान श्रद्धालुओं की संख्या एवं यातायात का दबाव बढऩे की संभावना को देखते हुए मार्ग का चौड़ीकरण आवश्यक था।

136 भवनों पर होगी कार्यवाही, शुरू हुआ सर्वे एवं मार्किंग कार्यप्रस्तावित सडक़ चौड़ीकरण से कुल 136 भवन प्रभावित होंगे। नगर निगम द्वारा नियमानुसार कार्यवाही की प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए मंगलवार से मार्ग की नपती एवं मार्किंग का कार्य प्रारंभ कर दिया गया। इसके माध्यम से प्रस्तावित सडक़ की सीमा निर्धारित करने के साथ ही प्रभावित भवनों का चिन्हांकन किया जा रहा है। श्री मिश्रा के अनुसार भवन निरीक्षक सौम्या चतुर्वेदी एवं निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर मार्ग की नपती एवं प्रभावित भवनों पर मार्किंग की कार्यवाही की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्‍वेल