उज्जैन में मार्ग चौड़ीकरण में प्रभावित परिवारों को मिले टीडीआर को खरीदेगा नगर निगम

 


उज्जैन, 03 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन शहर में हो रहे मार्ग चौड़ीकरण में प्रभावित मकानों के परिवारों को नियमानुसार मिलनेवाले टीडीआर को नगर निगम खरीदेगा। यह निर्णय शुक्रवार को आयोजित महापौर परिषद की बैठक में लिया गया।

टीडीआर से तात्पर्य होता है- ट्रांसफरेबल डेवलपमेंट राइट्स। यह एक ऐसी व्यवस्था है, जिसमें सार्वजनिक परियोजनाओं जैसे सड़क चौड़ीकरण के लिए जमीन या मकान का हिस्सा लेने पर प्रभावित व्यक्ति को अतिरिक्त निर्माण का अधिकार देना होता है।

टीडीआर का उपयोग मकान स्वामी अपनी किसी अन्य संपत्ति पर अतिरिक्त निर्माण के लिए भी कर सकता है या नियमानुसार किसी अन्य व्यक्ति को हस्तांतरित या बेच सकता है। अब तक यह व्यवस्था थी कि जिन मकानों का 75 प्रतिशत या उससे अधिक हिस्सा प्रभावित होता, उन्हें नकद मुआवजा दिया जाता था। जबकि इससे कम प्रभावित संपत्तियों को टीडीआर देने का प्रावधान है।

महापौर मुकेश टटवाल ने महापौर परिषद की बैठक की अध्यक्षता करते हुए यह बात रखी कि बड़ी संख्या में लोग टीडीआर का उपयोग नहीं कर पाते। कई लोगों के पास दूसरी जमीन नहीं होती, कुछ को अतिरिक्त निर्माण की जरूरत नहीं होती और कई लोग टीडीआर खरीद भी नहीं पाते। इसी कारण नगर निगम ने इसे सीधे खरीदने की व्यवस्था करने का निर्णय लिया।

बैठक में सिंहस्थ 2028 अंतर्गत मास्टर प्लान सड़कों एवं अन्य अधोसंरचना विकास कार्य हेतु हस्तांतरणीयन विकास अधिकार ट्रांसफरेबल डेवलपमेंट राइट्स (टीडीआर) के क्रय एवं विक्रय के लिए हाउसिंग एंड अर्बन डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड अथवा वाणिज्यिक बैंकों से प्रारंभिक स्तर पर आवश्यकता अनुसार राशि लगभग 200 करोड़ के ऋण प्राप्त करने पर अनुशंसा की गई। प्रधानमंत्री आवास योजना (सबके लिए आवास 2022) के एएचपी घटक अंतर्गत शेष रही परियोजनाओं को पूर्ण किए जाने हेतु हाउसिंग एंड अर्बन डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड अथवा अन्य बैंक से वित्तीय सहायता के रूप में लगभग 15 करोड़ के ऋण लिए जाने हेतु प्रस्ताव पर अनुशंसा की गई। गदापुलिया से रविशंकर नगर, जयसिंहपुरा होते हुए लालपुर ब्रिज रोड पर मार्ग चौड़ीकरण एवं निर्माण कार्य की रिवाइज्ड स्वीकृती, एसआर-1 दारु गौदाम से एमआर 5 तक मार्ग चौड़ीकरण के प्रकरण की स्वीकृति, निश्चित मासिक राशि एवं राजस्व भागीदारी पर सीएनजी पंप संचालित करने हेतु अवंतिका गैस लिमिटेड को निगम स्वामित्व की भूमि उपलब्ध कराए जाने के संबंध में अनुशंसा की गई।

बैठक में एमआईसी सदस्य रजत मेहता, प्रकाश शर्मा,अनिल गुप्ता,कैलाश प्रजापत,जितेंद्र कुवाल, डॉ. योगेश्वरी राठौर, दुर्गा शक्ति सिंह चौधरी,सुगन बाघेला,निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा,अपर आयुक्त संतोष टैगोर,पवन कुमार सिंह,संदीप शिवा,पुनीत शुक्ला,उपायुक्त योगेंद्र सिंह पटेल,मनोज मौर्य,संजेश गुप्ता,अधीक्षण यंत्री प्रमोद मालवीय,आरके जैन,कार्यपालन यंत्री जगदीश मालवीय,सहायक यंत्री दीपक शर्मा,निर्झर शुक्ला उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्‍वेल