रजत मुकुट और मुंडमाला से सजे बाबा महाकाल, भस्म आरती में गूंजे जयकारे

 


उज्जैन, 28 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में शनिवार तड़के चार बजे भस्म आरती के लिए मंदिर के पट खोले गए। इसके साथ ही गर्भगृह में भगवान महाकाल की विशेष पूजा-अर्चना और अभिषेक का क्रम शुरू हुआ। पंडे-पुजारियों ने सबसे पहले गर्भगृह में विराजित देवी-देवताओं का पूजन किया। इसके बाद भगवान महाकाल का जलाभिषेक कर दूध, दही, घी, शक्कर और फलों के रस से बने पंचामृत से अभिषेक किया गया।

पूजन के दौरान प्रथम घंटाल बजाकर भगवान को हरिओम का जल अर्पित किया गया। इसके बाद मंत्रोच्चार के बीच भगवान महाकाल का आकर्षक शृंगार किया गया। उन्हें रजत ॐ, बिल्वपत्र मुकुट, डमरू, शेषनाग का रजत मुकुट, रजत मुंडमाला और रुद्राक्ष की मालाएं अर्पित की गईं। भगवान के मस्तक पर त्रिपुंड और त्रिशूल सजाया गया। सुगंधित पुष्पों की मालाओं से भी बाबा का अलंकरण किया गया।

भगवान गणेश, माता पार्वती और कार्तिकेय का पूजन करने के बाद महाकाल को फल और मिष्ठान का भोग लगाया गया। कपूर आरती और नैवेद्य अर्पण के बाद ज्योतिर्लिंग को वस्त्र से ढंककर महानिर्वाणी अखाड़े की ओर से भस्म अर्पित की गई। भस्म आरती के बाद भगवान महाकाल के दिव्य स्वरूप के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह दिखाई दिया।

मान्यता है कि भस्म अर्पण के बाद भगवान महाकाल निराकार से साकार स्वरूप में भक्तों को दर्शन देते हैं। सुबह की भस्म आरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और बाबा महाकाल के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। श्रद्धालुओं ने नंदी महाराज के दर्शन किए और उनके कान में अपनी मनोकामनाएं भी कहीं। इस दौरान मंदिर परिसर बाबा महाकाल के जयकारों से गूंजता रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे