उज्जैन: महाकाल ने रजत मुकुट-मुंडमाल और रुद्राक्ष धारण कर दिए राजा स्वरूप में दर्शन
उज्जैन, 11 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में बुधवार तड़के भगवान महाकाल की भस्म आरती विशेष पूजन और दिव्य श्रृंगार के साथ संपन्न हुई। इस दौरान बाबा महाकाल का राजा स्वरूप में आकर्षक श्रृंगार किया गया। भगवान ने शेषनाग का रजत मुकुट, चांदी की मुंडमाल और रुद्राक्ष की माला धारण कर भक्तों को दर्शन दिए। भस्म आरती में सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए और बाबा महाकाल का आशीर्वाद प्राप्त किया।
परंपरा के अनुसार, बुधवार तड़के चार बजे मंदिर के पट खोले गए। सबसे पहले वीरभद्रजी को प्रणाम कर स्वस्ति वाचन किया गया। इसके बाद उनकी आज्ञा लेकर चांदी के द्वार खोले गए। गर्भगृह में पुजारियों ने स्थापित देवी-देवताओं का पूजन किया और भगवान महाकाल का जलाभिषेक किया। इसके बाद दूध, दही, घी, शक्कर, शहद और फलों के रस से बने पंचामृत से अभिषेक-पूजन संपन्न हुआ। पूजन के बाद प्रथम घंटाल बजाकर भगवान को हरिओम का जल अर्पित किया गया। मंत्रोच्चार और ध्यान के साथ कपूर आरती की गई। इसके बाद ज्योतिर्लिंग को वस्त्र से ढंककर विधि-विधान से भस्म अर्पित की गई। महा निर्वाणी अखाड़े की ओर से भगवान महाकाल को भस्म चढ़ाई गई। मान्यता है कि भस्म अर्पण के बाद भगवान निराकार से साकार स्वरूप में भक्तों को दर्शन देते हैं।
रजत आभूषणों से सजा बाबा का दिव्य स्वरूप
भस्म आरती के बाद भगवान महाकाल को भांग, चंदन और सिंदूर से अलंकृत किया गया। बाबा ने शेषनाग का रजत मुकुट, रजत मुंडमाल और रुद्राक्ष की माला धारण की। इसके साथ ही सुगंधित पुष्पों की मालाएं अर्पित कर आकर्षक राजा स्वरूप श्रृंगार किया गया। ड्रायफ्रूट, फल और मिष्ठान का भोग भी लगाया गया।
नंदी के कान में भक्तों ने मांगी मनोकामना
भस्म आरती में शामिल श्रद्धालुओं ने नंदी हॉल से बाबा महाकाल के दिव्य स्वरूप के दर्शन किए। दर्शन के बाद भक्तों ने नंदी महाराज के कान में अपनी मनोकामनाएं कहीं और उनके पूर्ण होने की प्रार्थना की। इस दौरान मंदिर परिसर बाबा महाकाल के जयकारों से गूंजता रहा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे