उज्जैनः फिल्म अभिनेता अनुपम खेर,अभिनेत्री शुभांगी दत्त और गायक निंजा ने किए भगवान महाकाल के दर्शन

 




उज्जैन, 21 अप्रैल (हि.स.)। प्रसिद्ध फिल्म अभिनेता अनुपम खेर, अभिनेत्री शुभांगी दत्त और ‘निंजा’ के नाम से मशहूर पंजाबी गायक अमित भल्ला ने मंगलवार को मध्य प्रदेश के उज्जैन पहुंचकर विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग भगवान महाकाल के दर्शन किए। इस दौरान उन्होंने बाबा महाकाल की आरतियों में शामिल होकर आशीर्वाद लिया।

अभिनेता अनुपम खेर और अभिनेत्री शुभांगी दत्त मंगलवार सुबह महाकाल मंदिर पहुंचे और भोग आरती में शामिल हुए। इसके बाद उन्होंने मंदिर परिसर के अन्य मंदिरों में दर्शन किए।

दर्शन उपरांत अनुपम खेर ने कहा कि मंदिर में आकर बहुत सुखद अनुभूति हुई। मंदिर समिति अच्छा कार्य कर रही है और बाबा महाकाल के दरबार में आत्मा शुद्ध हो जाती है। वहीं, अभिनेत्री शुभांगी दत्त ने कहा कि वह पहली बार महाकाल मंदिर आई हैं और भगवान महाकाल का आशीर्वाद लेना चाहती थीं।

पंजाबी सिंगर और अभिनेता अमित भल्ला सोमवार रात करीब दो बजे महाकाल मंदिर पहुंचे और दो घंटे तक नंदी हॉल में बैठकर ध्यान किया। इसके बाद वे मंगलवार तड़के 4 बजे होने वाली भस्म आरती में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने नंदी जी का पूजन कर कान में अपनी मनोकामना भी कही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर