उज्जैन: सिगरेट जलाने माचिस की तीली जलाई, कमरे में भरी एलपीजी गैस में हुआ धमाका, युवक गंभीर रूप से झुलसा
उज्जैन, 03 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले के कानिपुरा की तिरुपति धाम कॉलोनी में शनिवार सुबह किराए के कमरे में गैस सिलेंडर से हुए ब्लास्ट में 24 वर्षीय युवक गंभीर रूप से झुलस गया। बताया जा रहा है कि रातभर सिलेंडर से गैस लीक होने के बाद कमरे में गैस भर गई थी और सुबह सिगरेट जलाने के लिए माचिस की तीली जलाते ही आग भड़क उठी। धमाका इतना तेज था कि कमरे की एक तरफ की दीवार गिर गई, जबकि खिड़की और दरवाजे भी क्षतिग्रस्त हो गए।
जानकारी के मुताबिक, संदीप तिरुपति धाम कॉलोनी में किराए के कमरे में रहता था। आशंका है कि रातभर एलपीजी सिलेंडर से गैस का रिसाव होता रहा, जिससे कमरे के अंदर गैस जमा हो गई। शनिवार सुबह संदीप ने सिगरेट पीने के लिए माचिस की तीली जलाई। जैसे ही तीली जली, कमरे में जमा गैस ने आग पकड़ ली और देखते ही देखते जोरदार विस्फोट हो गया। आग की चपेट में आने से संदीप बुरी तरह झुलस गया।
संदीप के साथ कमरे में उसका साथी देवीलाल भी रहता है। हादसे के वक्त देवीलाल बाथरूम में था। इस वजह से वह धमाके की सीधी चपेट में आने से बच गया। ब्लास्ट की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास रहने वाले लोग घबरा गए। धमाका सुनकर लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और कमरे की स्थिति देखकर पुलिस को सूचना दी।
संदीप मूल रूप से राजस्थान का रहने वाला है। वह करीब 20 दिन पहले ही काम के सिलसिले में उज्जैन आया था। यहां तिरुपति धाम कॉलोनी में किराए का कमरा लेकर रह रहा था। संदीप शहर की शिप्रा गैस एजेंसी में सिलेंडर डिलीवरी और फिटिंग का काम करता था। इसी वजह से वह गैस सिलेंडर और उसकी फिटिंग से जुड़े काम से भी परिचित था। धमाके के बाद आसपास के लोगों और परिचितों ने संदीप को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के मुताबिक वह करीब 70 प्रतिशत तक झुलसा है। हालत गंभीर होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए इंदौर रेफर किया गया है।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कमरे का निरीक्षण किया। पुलिस गैस रिसाव की वजह, सिलेंडर की स्थिति और हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। शुरुआती तौर पर रातभर गैस रिसाव के कारण कमरे में गैस जमा होने और माचिस की तीली जलने से आग पकड़ने की आशंका जताई जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत