उज्जैन: शिप्रा में स्नान के दौरान वेद छात्र की डूबने से मौत, गऊघाट पर हादसा, एसडीआरएफ ने निकाला शव
उज्जैन, 12 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन शहर के गऊघाट पर रविवार दोपहर शिप्रा नदी में स्नान के दौरान 18 वर्षीय वेद छात्र की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान मुरैना निवासी अंकुश शर्मा के रूप में हुई है, जो उजड़खेड़ा स्थित दंदरौवा धाम में वेद विद्या का अध्ययन कर रहे थे।
जानकारी के अनुसार, अंकुश रविवार को मुरैना से लौटने के बाद दोपहर करीब एक बजे गऊघाट पर स्नान करने पहुंचे थे। इसी दौरान वे अचानक गहरे पानी में चले गए और डूब गए। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और तलाशी अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद टीम ने अंकुश का शव नदी से बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की शवगृह में रखवाया है। सोमवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।
अंकुश के पिता अशोक शर्मा मुरैना में खेती करते हैं। परिवार में माता-पिता के अलावा उनकी तीन बहनें हैं। घटना की सूचना मिलते ही उज्जैन में रहने वाले रिश्तेदार अस्पताल और घाट पर पहुंच गए, जबकि परिजनों के देर रात तक उज्जैन पहुंचने की संभावना जताई गई। घटना से दंदरौवा धाम और मृतक के परिचितों में शोक का माहौल है। अंतिम संस्कार के लिए शव को पोस्टमार्टम के बाद मुरैना ले जाया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे