उज्जैन: बाबा महाकाल के दरबार में पहुंचीं अभिनेत्री यामी गौतम, परिवार संग किए दर्शन
उज्जैन, 17 जून (हि.स.)। प्रसिद्ध बॉलीवुड अभिनेत्री यामी गौतम बुधवार को अपने पति और फिल्म निर्देशक आदित्य धर के साथ उज्जैन स्थित विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग भगवान श्री महाकालेश्वर के दर्शन करने उज्जैन पहुंचीं। परिवार के साथ महाकाल मंदिर पहुंचीं यामी ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और बाबा महाकाल का आशीर्वाद लिया।
अभिनेत्री यामी गौतम और आदित्य धर ने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मंदिर पहुंचकर चांदी द्वार से बाबा महाकाल को जल अर्पित किया। इसके बाद वे नंदी हॉल में बैठे और भगवान महाकाल की आराधना की। दर्शन के बाद उन्होंने नंदी के कान में अपनी मनोकामना भी कही। मंदिर परिसर में उन्होंने आध्यात्मिक वातावरण का अनुभव किया और कुछ समय यहां बिताया। श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से उप प्रशासक एसएन सोनी ने यामी गौतम और आदित्य धर का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया। दोनों को दुपट्टा ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। मंदिर प्रशासन की ओर से दर्शन व्यवस्था और सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे।
दर्शन के बाद अभिनेत्री भावुक नजर आईं। उन्होंने अपनी फिल्म ओह माय गॉड 2’ से जुड़ी यादें साझा करते हुए कहा कि फिल्म की शूटिंग के दौरान किसी कारणवश वह उज्जैन आकर बाबा महाकाल के दर्शन नहीं कर पाई थीं। लंबे समय से उनके मन में यहां आने की इच्छा थी, जो आज पूरी हुई है। उन्होंने कहा कि जब बाबा महाकाल का बुलावा आया तो वह परिवार के साथ दर्शन के लिए चली आईं।
महाकाल मंदिर की व्यवस्थाओं की सराहना
मीडिया से चर्चा के दौरान यामी गौतम ने महाकाल मंदिर की व्यवस्थाओं की जमकर प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि मंदिर परिसर की साफ-सफाई, श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा व्यवस्था बेहद प्रभावी है। देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए किए गए प्रबंधों की उन्होंने सराहना की।उन्होंने कहा कि महाकाल के दरबार में आकर उन्हें सकारात्मक ऊर्जा और आत्मिक शांति का अनुभव हुआ।
आदित्य धर बोले- आध्यात्मिक अनुभव रहा खास
फिल्म निर्देशक आदित्य धर भी दर्शन के दौरान श्रद्धा भाव में नजर आए। उन्होंने परिवार के साथ बाबा महाकाल का आशीर्वाद लिया। आदित्य धर अपनी फिल्म ‘उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक’ के निर्देशन के लिए पहचाने जाते हैं, जिसके लिए उन्हें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार भी मिला था। वहीं, यामी गौतम हिंदी सिनेमा की लोकप्रिय अभिनेत्रियों में शामिल हैं। उन्होंने कई फिल्मों में अपने अभिनय से अलग पहचान बनाई है। बाबा महाकाल के दर्शन के बाद यामी गौतम और आदित्य धर का परिवार प्रसन्न नजर आया। उन्होंने मंदिर की व्यवस्थाओं और आध्यात्मिक अनुभव के लिए मंदिर प्रबंधन का आभार व्यक्त किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे