उज्जैन: रजत मुकुट-मुंडमाल और रुद्राक्ष से सजे बाबा महाकाल, भस्म आरती में राजा स्वरूप में दिए दर्शन

 


उज्जैन, 09 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में सोमवार तड़के भस्म आरती के दौरान भगवान महाकाल का राजा स्वरूप में मनोहारी श्रृंगार किया गया। सुबह चार बजे मंदिर के पट खुलते ही प्रथम घंटाल बजाकर पुजारियों ने गर्भगृह में विराजित भगवान महाकाल सहित सभी देवी-देवताओं का पूजन किया। मंत्रोच्चार के बीच भगवान का ध्यान कर हरिओम जल अर्पित किया गया। इसके बाद भगवान का जलाभिषेक और दूध, दही, घी, शहद, शक्कर एवं फलों के रस से बने पंचामृत से अभिषेक किया गया।

पूजन के बाद जटाधारी भगवान महाकाल का भांग, चंदन और त्रिपुंड से श्रृंगार किया गया। भगवान के मस्तक पर त्रिनेत्र धारण कराया गया। कपूर आरती के बाद ज्योतिर्लिंग को वस्त्र से ढंककर महानिर्वाणी अखाड़े की ओर से पवित्र भस्म अर्पित की गई। भस्म रमाने के बाद भगवान का राजा स्वरूप में अलंकरण किया गया।

इस दौरान बाबा महाकाल को शेषनाग का रजत मुकुट, रजत मुंडमाल और रुद्राक्ष की माला धारण कराई गई। मोगरे और गुलाब के सुगंधित पुष्पों से बनी मालाओं से भगवान का श्रृंगार किया गया। इसके बाद फल और मिष्ठान का भोग अर्पित किया गया। दिव्य आभूषणों से सुसज्जित भगवान महाकाल के मनोहारी स्वरूप के श्रद्धालुओं ने दर्शन किए।

भस्म आरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। इस दौरान मंदिर परिसर बाबा महाकाल के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने नंदी महाराज के दर्शन किए और उनके कान में अपनी मनोकामनाएं कहकर आशीर्वाद मांगा। मान्यता है कि भस्म अर्पण के बाद भगवान महाकाल भक्तों को दिव्य स्वरूप में दर्शन देते हैं। सुबह की भस्म आरती में शामिल होकर श्रद्धालुओं ने बाबा महाकाल का आशीर्वाद लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे