उज्जैन : घंटों चले रेस्क्यू के बाद दूसरा शव भी बरामद

 


उज्जैन, 21 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन के नागझिरी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम करौंदिया स्थित खदान में बने गहरे तालाब में नहाने गए नौ किशोरों में से दो की डूबने से मौत हो गई। सोमवार को सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची थी। रेस्क्यू टीमों ने देर रात तक अभियान चलाकर दोनों शवों को बाहर निकाल लिए।

होमगार्ड के जिला कमांडेंट संतोष जाट ने बताया कि अशोक नगर,गोपालपुरा क्षेत्र के करीब नौ बच्चे सोमवार को खदान में नहाने के लिए पहुंचे थे। इस दौरान करीब 50 फीट गहरे पानी में जाने से शुभम जाटव और अनस की डूबने से मौत हो गई। शाम करीब 5 बजे घटना की सूचना मिलने पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। रेस्क्यू अभियान में होमगार्ड, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमों ने संयुक्त रूप से कई घंटों तक तलाश की। सबसे पहले शुभम जाटव का शव गहराई से निकाला गया, जबकि दूसरे किशोर अनस का शव देर रात करीब 3 बजे बरामद किया गया। तलाश के दौरान अंडरवाटर रेस्क्यू कैमरा का भी उपयोग किया गया। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के उपरांत शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं।

परिजनों के अनुसार, सभी बच्चे दो दिन पहले खदान पर घूमने और सेल्फी लेने गए थे। इसके बाद वे नहाने के लिए पहुंचे, जहां यह हादसा हो गया। परिजनों का मानना है कि सेल्फी और रील बनाने के चक्कर में बच्चे खतरनाक क्षेत्र में चले गए, जिससे यह दुखद घटना हुई। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। घटना से पहले युवकों द्वारा बनाई गई एक रील भी सामने आई है, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्‍वेल