झाबुआ: बस और बाइक की टक्कर में दो युवकों की मौके पर ही मौत
झाबुआ, 20 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के झाबुआ जिला अंतर्गत मेघनगर में आज सोमवार को हुई बस और बाइक की भीषण टक्कर में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मृतकों को अस्पताल पहुंचाया, तथा जांच पड़ताल शुरू कर दी गई।
जिले के मेघनगर में आज उस समय अफरा तफरी मच गई, जब प्रदीप बस सर्विस की एक बस (क्रमांक एम पी 46 पी 1229) जो कि राजगढ़ से चली थी और थांदला की और जा रही थी, तभी मेघनगर के पहले तेज गति से गुजर रही एक बाइक (क्रमांक MP 45 ME 8024) को टक्कर मारते हुए सड़क से नीचे उतर गई। बस और बाइक की टक्कर में बाइक पर सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस चालक द्वारा बाइक सवारों को बचाने की जुगत में दुर्घटना घटित हुई। दुर्घटना के तुरंत बाद पुलिस मौके पर पहुंची, और मृतकों को अस्पताल पहुंचाया। थाना प्रभारी मेघनगर निरीक्षक, दिनेश शर्मा के अनुसार मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। दुर्घटना में मृतक बाइक सवारों के नाम अर्जुन पुत्र दलसिंह, निवासी ग्राम बिसलपुर तथा सोहिल पुत्र जम्बूडा पारगी, निवासी ग्राम नागनखेड़ी बताए गए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. उमेश चंद्र शर्मा