भोपाल में मेट्रो ब्रिज के पास स्मैक के साथ दो युवक गिरफ्तार, क्राइम ब्रांच ने 3.53 ग्राम मादक पदार्थ जब्त किए
भोपाल, 18 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भाेपाल के एमपी नगर जोन-1 स्थित मेट्रो ब्रिज के पास स्मैक लेकर ग्राहकों का इंतजार कर रहे दो युवकों को क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से 3.53 ग्राम स्मैक और दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार जब्त सामान की कुल कीमत करीब 1.50 लाख रुपए है। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत प्रकरण दर्ज कर शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया गया।
भाेपाल पुलिस कमिश्नर कार्यालय द्वारा शुक्रवार काे दी गई जानकारी में बताया गया कि क्राइम ब्रांच की टीम गश्त और अपराधियों की तलाश के दौरान थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एमपी नगर जोन-1 में मेट्रो ब्रिज के पास ग्राउंड में दो युवक मादक पदार्थ लेकर बैठे हैं और ग्राहकों का इंतजार कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। मुखबिर द्वारा बताए हुलिए के दो युवकों को पकड़कर उनकी तलाशी ली गई। पुलिस के मुताबिक पकड़े गए युवकों की पहचान कार्तिक राजपूत (28), निवासी हर्षवर्धन नगर और सूरज कुशवाह (21), निवासी आनंद नगर के रूप में हुई है। तलाशी में कार्तिक की पैंट की जेब से एक रेडमी मोबाइल फोन और कागज की पुड़िया मिली। वहीं सूरज के पास से वीवो मोबाइल फोन और कागज की एक पुड़िया बरामद हुई। पुलिस के अनुसार दोनों पुड़ियों में स्मैक थी। दोनों से बरामद मादक पदार्थ का कुल वजन **3.53 ग्राम** निकला।
ड्राइवर और डिलीवरी बॉय है दूसरा आरोपी
पुलिस के अनुसार कार्तिक राजपूत नौवीं कक्षा तक पढ़ा है और निजी ड्राइवर के तौर पर काम करता है। उसके खिलाफ भोपाल के एमपी नगर, बागसेवनिया, रातीबड़, श्यामला हिल्स और अयोध्या नगर थानों में चोरी, नकबजनी और लूट समेत 14 अपराध दर्ज हैं। दूसरा आरोपी सूरज कुशवाह आठवीं कक्षा तक पढ़ा है और ऑनलाइन डिलीवरी का काम करता है।
स्मैक कहां से आई, जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अब दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है कि स्मैक उन्हें कहां से मिली थी और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। दोनों के मोबाइल फोन की भी जांच की जा रही है। पुलिस को आशंका है कि मोबाइल में मादक पदार्थ की खरीद-फरोख्त या सप्लाई से जुड़े संपर्कों की जानकारी मिल सकती है। मामले में आगे की जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे