रीवा में गो-मांस की तस्करी के आरोप में दो युवतियां गिरफ्तार, रोकने पर ग्रामीणों पर किया पथराव

 


रीवा, 28 जून (हि.स.) । मध्य प्रदेश के रीवा जिले के समान थाना क्षेत्र के लोही गांव में रविवार को गो-मांस की तस्करी के संदेह में दो युवतियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बरामद मांस को जांच के लिए लैब भेजकर दोनों युवतियों से पूछताछ शुरू कर दी है।

समान थाना प्रभारी मनीषा उपाध्याय से मिली जानकारी के अनुसार, स्थानीय ग्रामीणों को पिछले कई दिनों से इन युवतियों द्वारा गो-मांस की तस्करी किए जाने का गहरा संदेह था। रविवार को जब दोनों युवतियां अपनी स्कूटी से गुजर रही थीं, तब ग्रामीणों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। खुद को घिरता देख युवतियों ने रुकने के बजाय अपनी स्कूटी को लोही नहर की तरफ दौड़ा दिया। ग्रामीणों ने तत्काल उनका पीछा शुरू किया, जिसके बाद थोड़ी ही दूरी पर उनकी स्कूटी अनियंत्रित होकर फिसल गई। पकड़े जाने के डर से दोनों युवतियों ने अपने पास मौजूद मांस को तुरंत नहर में फेंक दिया और ग्रामीणों को दूर रखने के लिए उन पर ताबड़तोड़ पथराव शुरू कर दिया। इस पथराव में एक पत्थर वहां मौजूद हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ता आनंद सिंह बघेल के सिर पर जा लगा, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

पथराव के बावजूद ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए दोनों युवतियों को चारों तरफ से घेरकर दबोच लिया और तुरंत स्थानीय पुलिस को मामले की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने दोनों युवतियों को हिरासत में लिया और उनकी निशानदेही पर नहर में फेंके गए मांस को पानी से बाहर निकलवाया। गिरफ्तार की गई युवतियों की पहचान 23 वर्षीय मुस्कान खान और 20 वर्षीय रुबिया खान के रूप में हुई है, जो मूल रूप से गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र के अमिरती गांव की निवासी हैं।

पुलिस ने घटनास्थल से बरामद किए गए मांस को जप्त कर उसके गो-मांस होने की वैज्ञानिक पुष्टि के लिए तत्काल फॉरेंसिक लैब (सैंपल जांच) भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि घायल ग्रामीण को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। फिलहाल दोनों आरोपित युवतियों को समान थाने लाकर कड़ी पूछताछ की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत