उज्जैन में गिट्टी की खदान में नहाने गए दो किशोर डूबे, एसडीईआरएफ कर रही तलाश
उज्जैन , 20 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन में मक्सी रोड स्थित अलग-अलग क्षेत्रों से कक्षा 11वीं में पढऩे वाले 9 छात्र सोमवार को ई-रिक्शा में सवार होकर ग्राम करोंदिया में गिट्टी की खदान में भरे पानी में नहाने के लिए चले गए। जब सभी छात्र नहा रहे थे, तब दो छात्र गहरे पानी में चले गए। काफी देर तक जब वह नहीं मिले तो अन्य छात्रों ने पुलिस और परिजनों को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही होमागार्ड की एसडीईआरएफ की टीम और नागझिरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। टीम ने देर रात तक दोनों छात्रों की खोजबीन जारी रखी।
नागझिरी थाना प्रभारी कमल निगवाल ने बताया कि मक्सी रोड स्थित किशनपुरा, अशोक नगर, पांड्याखेड़ी और पंवासा में रहने वाले कक्षा 11वीं 9 छात्र सोमवार को घर से कोचिंग जाने के लिए निकले थे। लेकिन रास्ते में सभी ने मक्सी रोड स्थित ग्राम करोंदिया में स्थित गिट्टी की खदान मे भरे पानी में नहाने की योजना बनाई। इसके बाद सभी छात्र ई-रिक्शा से ग्राम करोंदिया पहुंच गए। नहाने के दौरान किशनपुरा निवासी शुभम पुत्र किरण जाटवा और अशोक नगर निवासी अनस पुत्र हमिद खान गहरे पानी में चले गए। कुछ ही देर में दोनों डूब गए। काफी देर तक जब दोनों बाहर नहीं आए तो दोस्तों ने पुलिस और परिजनों को सूचना दी। जानकारी मिलते ही नागझिरी थाना पुलिस और होमगार्ड की एसडीईआरएफ की टीम बोट लेकर मौके पर पहुंच गई। टीम ने पूरी खदान में तलाशी अभियान चलाया। लेकिन देर रात तक दोनों छात्र नहीं मिले।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्वेल