राजगढ़ः साइबर सेल ने 41.34 लाख रुपए कीमती 251 गुम मोबाइल ढूंढकर मालिकों को लौटाए
राजगढ़, 04 अक्टूबर (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले में सेवा संकल्प अभियान- 2026 के तहत साइबर सेल ने रविवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए 251 गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक धारकों को वापस लौटाए। बरामद मोबाइल की अनुमानित कीमत 41 लाख 34 हजार 480 रुपए है। मोबाइल मिलने पर लोगों के चेहरे पर खुशी नजर आई।
एएसपी केएल.बंजारे ने रविवार को पुलिस नियंत्रण कक्ष में आयोजित प्रेसवार्ता में खुलासा करते हुए बताया कि पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी के निर्देशन में साइबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक जितेंद्र अजनारे के नेतृत्व में टीम ने यह कार्रवाई की। साइबर सेल द्वारा चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन ट्रेस एंड रिटर्न’ के तहत पुलिस ने आधुनिक तकनीक और सीईआइआर पोर्टल की मदद से मोबाइल फोन को ट्रेस किया। मोबाइल की बरामदगी केवल राजगढ़ जिले तक सीमित नहीं रही। पुलिस टीम ने देवास, इंदौर, टीकमगढ़, शाजापुर, उज्जैन, भोपाल, रतलाम, आगर-मालवा, अशोकनगर, गुना, विदिशा, रायसेन, नर्मदापुरम, खरगोन, धार, ग्वालियर, रीवा, शिवपुरी, भिंड और मंदसौर समेत अन्य जिलों से मोबाइल ट्रेस किए।
इसके अलावा बिहार, राजस्थान, गुजरात और उत्तर प्रदेश से भी मोबाइल बरामद किए गए। पुलिस टीम ने अलग-अलग जिलों और राज्यों की पुलिस से समन्वय कर मोबाइल की लोकेशन और तकनीकी जानकारी जुटाई गई।
पुलिस ने अपील की कि मोबाइल गुम या चोरी होने पर तत्काल थाने में रिपोर्ट दर्ज कराएं और सीइआईआर पोर्टल पर शिकायत करें। मोबाइल का आईएमइआई नंबर सुरक्षित रखें। साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 पर शिकायत दर्ज कराए। कार्रवाई के दौरान एसआई जितेंद्र अजनारे,शशांक यादव, कुलदीप, जयप्रकाश चक्रवर्ती, अशोक राहोरिया, पवन मीणा, हितेश यादव, सुमित कुमार, अंतिम सोलंकी, शुभम मीणा और अनिकेत मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक