अनूपपुर: लगातार बारिश से दो मकान ढहे, परिवार सुरक्षित, मदद की गुहार
अनूपपुर, 23 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित हैं। अनूपपुर और जैतहरी जनपद पंचायत क्षेत्र की दो अलग-अलग ग्राम पंचायतों में रविवार को बारिश से दो मकान ढह गये हैं। धुरवासिन में एक किसान का मकान विशाल आम के पेड़ गिरने से ढह गया, जबकि दैखल गांव में एक कच्चा मकान ध्वस्त हो गया। राहत की बात यह रही कि दोनों हादसों में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन पीड़ित परिवार बेघर हो गए हैं और उन्होंने प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है।
अनूपपुर जनपद पंचायत के ग्राम पंचायत धुरवासिन के वार्ड क्रमांक 14 में शनिवार-रविवार की रात लगातार बारिश से जमीन नरम होने के कारण एक विशालकाय आम का पेड़ जड़ से उखड़ गया और किसान तिलकधारी प्रजापति के घर पर जा गिरा। पेड़ गिरते ही मकान पूरी तरह धराशायी हो गया। घटना के समय तिलकधारी प्रजापति घर के भीतर था, लेकिन वह सुरक्षित बाहर निकल आए। हादसे के बाद पीड़ित परिवार गहरे सदमे में है। उनका आशियाना पूरी तरह तबाह हो जाने के कारण रहने का संकट खड़ा हो गया है। सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और मकान पर गिरे भारी-भरकम पेड़ को हटाने का प्रयास शुरू किया। पीड़ित परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण उनके लिए स्वयं के खर्च पर दोबारा निर्माण कराना असंभव है।
दूसरा मामला
जैतहरी जनपद पंचायत के ग्राम पंचायत दैखल में भी लगातार बारिश के चलते 22-23 अगस्त की रात झुरू यादव का कच्चा मकान अचानक भरभरा कर गिर गया। लगातार बारिश के कारण कच्चे मकान की दीवारें पूरी तरह सील चुकी थीं और कमजोर हो गई थीं। रात में अचानक मकान का एक हिस्सा ढह जाने से घर के अंदर रखा गृहस्थी का सारा जरूरी सामान मलबे में दबकर क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि समय रहते परिवार संभल गया और कोई बड़ी अप्रिय घटना नहीं घटी। घटना के तुरंत बाद पीड़ित झुरू यादव ने हल्का पटवारी को दूरभाष के माध्यम से हादसे की सूचना दे दी है। वहीं धुरवासिन के पीड़ित तिलकधारी प्रजापति ने भी शासन से गुहार लगाई है।
पटवारी और जनपद को दी सूचना
धुरवासिन पंचायत सरपंच तेजवती सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी पटवारी सहित जनपद को दी गई है, आगे जो भी मदद हो सकती है की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला