अनूपपुर: अमरकंटक में दो घंटे बारिश, अनूपपुर में धूप, उमस बढ़ी

 




अनूपपुर, 27 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश में मानसून के आने के बाद शुक्रवार की शाम बारिश के बाद शनिवार को उमर भी गर्मी से पूरे दिन लोग परेशान रहें। वहीं विद्धुत विभाग ने सुबह से लेकर शाम तक बिजली की आंख मिचौली करते रहे।

शनिवार की शाम अनूपपुर जिले का मौसम बदला जिला मुख्यालय अनूपपुर सहित जैतहरी, राजेंद्रग्राम, कोतमा, भालूमाड़ा और आसपास के ग्रामीण इलाकों में काले बादल छाये हैं और हल्की हवा चली। इसके विपरीत जिले में स्थित पवित्र नगरी अमरकंटक में रोज बारिश तरबतर कर रही हैं। आज दोपहर दो घंटे तक झमाझम बारिश हुई, जिससे वहां का मौसम बेहद सुहाना हो गया।

अमरकंटक में दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक लगातार तेज बारिश हुई, जिससे नर्मदा मंदिर और आसपास का पूरा इलाका पानी-पानी हो गया। अमरकंटक के किसान इस बारिश को खरीफ की बुवाई के लिए बड़ी राहत मान रहे हैं। वहीं इसके विपरीत अनूपपुर जिला मुख्यालय में बारिश न होने से उमस और बढ़ गई है। यहां सुबह तेज धूप निकली थी, लेकिन दोपहर होते-होते आसमान में बादल छा गए। मौसम विभाग का अनुमान है कि रात में यहां भी पानी गिर सकता है।

औसत से बहुत कम हुई है बारिश

अधीक्षक भू-अभिलेख अधिकारी प्रदीप मोगरे ने बताया कि प्रदेश में अभी मानसून पूरी तरह सक्रिय नहीं हुआ है। पश्चिमी इलाकों में तो बारिश हो रही है, लेकिन अनूपपुर जिले में मानसून की अच्छी बारिश के लिए अभी थोड़ा और इंतजार करना होगा। उन्होंने बताया कि 27 जून तक अनूपपुर जिले में औसतन 155 से 160 मिलीमीटर (मीमी) वर्षा होनी चाहिए थी, लेकिन अब तक केवल 27.7 मीमी बारिश ही दर्ज की गई है, जो कि कोटे से करीब 125-130 मीमी कम है।

पिछले 24 घंटे का आंकड़ा और बुवाई का लक्ष्य

पिछले 24 घंटे में जिले में औसतन महज 1.4 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इस दौरान अनूपपुर में 4.3 मीमी, वेंकटनगर में 2.4 मीमी और पुष्पराजगढ़ में 4.2 मीमी पानी गिरा। वहीं कोतमा, बिजुरी, जैतहरी, अमरकंटक और बेनीबारी में इस दौरान बिल्कुल भी पानी नहीं बरसा। ज्ञात हो कि इस वर्ष जिले में 1 लाख 85 हजार हेक्टेयर में खरीफ की फसल बोने का लक्ष्य रखा गया है, जो अच्छी बारिश न होने की वजह से फिलहाल अटका हुआ है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला