अनूपपुर: जिले में 13 दिन बाद फिर लौटे दो हाथी, ग्रामीणों में बढ़ी चिंता
अनूपपुर, 15 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के जैतहरी क्षेत्र में 13 दिन बाद छत्तीसगढ़ से दो हाथियों के समूह ने एक बार फिर प्रवेश किया है। शुक्रवार-शनिवार की रात दोनों हाथी छत्तीसगढ़ के मरवाही वन क्षेत्र से होते हुए जैतहरी वन परिक्षेत्र के चोलना वन बीट पहुंचे।
हाथियों के दोबारा जिले में आने से ग्रामीणों में फसल और घरों को नुकसान पहुंचने की चिंता बढ़ गई है। शनिवार सुबह दोनों हाथी घनगवां के जंगल में डेरा जमाए हुए हैं।
जानकारी के अनुसार, छत्तीसगढ़ के मरवाही वन मंडल एवं वन परिक्षेत्र की शिवनी बीट से दो हाथी मालाडांड के जंगल से होते हुए गूजर नाला पार कर अनूपपुर जिले के चोलना वन बीट पहुंचे। दोनों हाथियों ने झिरिया टोला स्थित गूजर नाला की पुलिया के समीप रामनिवास केवट के खेत में लगी धान की फसल को खाया।
इधर, एक-एक दांत वाले हाथी के मरवाही वन क्षेत्र के घुसरिया बीट अंतर्गत चरचेड़ी गांव में एक ग्रामीण के घर में तोड़फोड़ करने की सूचना भी सामने आई है।
ग्रामीणों को सतर्क रहने की अपील
13 दिनों बाद हाथियों के जैतहरी क्षेत्र में दोबारा प्रवेश करने से ग्रामीणों को फसल बर्बाद होने और घरों में तोड़फोड़ की आशंका सता रही है। वन विभाग ने ग्रामीणों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।
वन परिक्षेत्राधिकारी विवेक मिश्रा ने बताया कि रात में छत्तीसगढ़ की ओर से दो हाथी जैतहरी वन परिक्षेत्र के चोलना वन बीट में वापस आए हैं। वन विभाग का गश्ती दल दोनों हाथियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रख रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से हाथियों के साथ किसी भी तरह की छेड़छाड़ नहीं करने, सतर्क रहने और सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की है। कच्चे मकानों में रहने वाले ग्रामीणों को एहतियात के तौर पर पक्के और सुरक्षित घरों में चले जाने की सलाह दी गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला