राजगढ़ःमहाकाल दर्शन को निकले पीडब्ल्यूडी कर्मचारियों की कार हादसे का शिकार, दो की मौत, छह घायल
राजगढ़,19 जुलाई (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले में रविवार अलसुबह ब्यावरा के समीप घोड़ापछाड़ और बीनागंज के बीच उज्जैन में महाकाल दर्शन के लिए जा रहे उत्तर प्रदेश के पीडब्ल्यूडी कर्मचारियों की कार भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। तेज रफ्तार कार का अगला बायां पहिया अचानक पंचर होने से वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे करीब 10 फीट ऊंचे मिट्टी के टीले से जा टकराया। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल हो गए। सूचना मिलते ही डायल-112 और पुलिस मौके पर पहुंची तथा सभी घायलों को बीनागंज और ब्यावरा सिविल अस्पताल पहुंचाया।
देहात ब्यावरा थाना पुलिस के अनुसार हादसे में जालौन निवासी 35 वर्षीय श्यामजी प्रजापति और उन्नाव निवासी 52 वर्षीय अजीत कुमार पांडे की जान चली गई। अजीत पांडे को बीनागंज अस्पताल में मृत घोषित किया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल श्यामजी प्रजापति ने ब्यावरा सिविल अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। दोनों के शवों का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने जीरो पर मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। कार चालक मधुराज गौतम ने बताया कि वाहन में काशी सिंह, अखिलेश रावत, मनोज रावत, श्यामू, विकास गौतम सहित कुल आठ लोग सवार थे। सभी उन्नाव स्थित पीडब्ल्यूडी में कार्यरत हैं, जबकि श्यामजी प्रजापति जालौन के निवासी थे। शनिवार दोपहर सभी उज्जैन के लिए रवाना हुए थे। ग्वालियर-शिवपुरी के बीच भोजन करने के बाद यात्रा जारी रखी, लेकिन रविवार तड़के बीनागंज के पास हादसा हो गया। देहात थाना और बीनागंज पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक