राजगढ़ः सोंधिया राजपूत महासभा का दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर संपन्न

 


राजगढ़, 09 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा में अखिल भारतीय सोंधिया राजपूत महासभा का दो दिवसीय जिला स्तरीय कार्यकर्ता प्रशिक्षण शिविर रविवार को उत्साह और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। शिविर में जिलेभर से पहुंचे सामाजिक कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और महिला शक्ति ने सहभागिता की।

प्रशिक्षण के दौरान संगठन की कार्यपद्धति, कार्यकर्ताओं के दायित्व और समाज के सर्वांगीण विकास से जुड़े विषयों पर मार्गदर्शन दिया गया। शिविर का शुभारंभ शनिवार शाम भगवान श्रीराम के पूजन, आरती और भजन संध्या के साथ हुआ। मार्गदर्शन मंडल के सदस्य उदयसिंह चैहान झिरी सहित सामाजिक पदाधिकारियों ने भगवान श्रीराम के चित्र पर पुष्प अर्पित कर पूजन किया। इसके बाद भजन संध्या का आयोजन हुआ।

प्रथम सत्र में राष्ट्रीय संगठन मंत्री लक्ष्मीनारायण चौहान झिरी ने ‘संगठन एवं कार्यकर्ता क्या है’ विषय पर प्रशिक्षण दिया। उन्होंने कहा कि संगठन निश्चित उद्देश्यों की पूर्ति के लिए बनाए गए व्यक्तियों का सशक्त समूह है, जो समाज को शिक्षा, संस्कार, अनुशासन और सेवा के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने कहा कि समाज के सर्वांगीण विकास के लिए कार्यकर्ता का प्रशिक्षित और संस्कारित होना जरूरी है।

दूसरे दिन समापन अवसर पर प्रदेश के मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास राज्य मंत्री नारायणसिंह पंवार, सोंधिया समाज जिलाध्यक्ष नारायण सिंह सालरियाखेड़ी और जिला युवा अध्यक्ष ईश्वर सिंह तोमर ने कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। संगठन की कार्यपद्धति, बैठक संचालन, कार्यक्रमों में दायित्वों का निर्वहन और सामाजिक प्रवास जैसे विषयों पर प्रशिक्षण दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि समाज की एकजुटता और संगठन की मजबूती के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को जिम्मेदारी एवं निष्ठा से अपना दायित्व निभाना चाहिए। मजबूत संगठन ही समाज के हितों की प्रभावी आवाज बन सकता है। शिविर में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और महिला शक्ति ने सहभागिता की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक