भोपाल में संघ की दो दिवसीय समन्वय बैठक शुरू, भाजपा-विहिप समेत कई संगठनों की भागीदारी

 


भोपाल, 04 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के केरवा रोड स्थित शारदा विहार परिसर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की दो दिनी समन्वय बैठक का आयोजन किया गया है। यह बैठक शनिवार से प्रारंभ हो गई है, जिसमें संघ की प्रांत कार्यकारिणी के पदाधिकारियों के साथ-साथ अनुषांगिक संगठनों जैसे भाजपा, विहिप और सेवा भारती के प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं। बैठक में संघ के शताब्दी वर्ष के कार्यक्रमों और कार्यप्रणाली को लेकर विचार-विमर्श किया जाएगा।

रविवार को हेमंत खंडेलवाल के शामिल होने की संभावनासंघ की इस समन्वय बैठक में भाजपा की ओर से प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के रविवार को शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। इससे पहले आयोजित बैठक में तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा मौजूद रहे थे।

बता दें कि वर्तमान समय में भाजपा के पास प्रदेश संगठन महामंत्री का पद रिक्त है। पूर्व संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा को दो माह पहले राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ में मध्य क्षेत्र सह-बौद्धिक प्रमुख की जिम्मेदारी दी गई है। अभी मध्य प्रदेश में संगठन के स्तर पर क्षेत्रीय संगठन मंत्री अजय जामवाल महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। ऐसे में संभावना है कि हेमंत खंडेलवाल के साथ अजय जामवाल भी इस बैठक में भाग लें।

इन संगठनों के प्रतिनिधि ले रहे हिस्साइस समन्वय बैठक में संघ के राजनीतिक संगठन भारतीय जनता पार्टी के अलावा विश्व हिन्दू परिषद, बजरंग दल, दुर्गा वाहिनी, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, विद्या भारती, भारतीय शिक्षण मंडल, सेवा भारती, वनवासी कल्याण आश्रम, आरोग्य भारती, भारतीय मजदूर संघ, भारतीय किसान संघ, स्वदेशी जागरण मंच, सहकार भारती, संस्कार भारती, अखिल भारतीय अधिवक्ता परिषद, क्रीड़ा भारती, विज्ञान भारती और राष्ट्र सेविका समिति के पदाधिकारी शामिल हो रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत