अनूपपुर: गुरुद्वारा में दो दिवसीय बैसाखी महापर्व शुरू,प्रभात फेरी के साथ हुआ कीर्तन

 






अनूपपुर, 25 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के अमरकंटक स्थित गुरु नानक गुरुद्वारा में बैसाखी महापर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। यह पर्व 19 अप्रैल से शुरू हुआ, जिसमें विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम के साथ शनिवार को प्रभात फेरी निकाली गई।

पर्व की शुरुआत 19 अप्रैल को गुरुद्वारा परिसर में अखंड पाठ के आयोजन से हुई। शनिवार सुबह प्रभात फेरी निकाली गई, जिसमें पुरुष, महिलाएं और युवाओं ने भजन-कीर्तन करते हुए नगर में भक्ति का संदेश प्रसारित किया। संगत 'वाहे गुरु' के जयघोष के साथ भक्ति भाव में लीन दिखी। पंज प्यारों की अगुवाई में गुरु नानक गुरुद्वारा प्रांगण से शाम को विशाल नगर संकीर्तन यात्रा निकाली गई। यह कीर्तन नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरा, जहां श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा और आतिशबाजी कर स्वागत किया। सिख समाज के पुरुष और महिलाएं भजन-कीर्तन करते हुए यात्रा में शामिल हुए।

शनिवार को उत्साही युवकों द्वारा गतका (धार्मिक युद्धकला) का मनोहारी प्रदर्शन किया गया, जिसने श्रद्धालुओं का ध्यान आकर्षित किया। नगर कीर्तन में भव्य रूप से सुसज्जित रथ पर श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की शोभायात्रा भी निकाली गई, जिसकी श्रद्धापूर्वक पूजा-अर्चना और चंवर सेवा की गई।

रविवार को बैसाखी महापर्व के अवसर पर गुरु नानक गुरुद्वारा परिसर में विशाल लंगर का आयोजन किया जाएगा। गुरुद्वारा प्रबंधन समिति ने श्रद्धालुओं से बड़ी संख्या में उपस्थित होकर गुरु का प्रसाद ग्रहण करने और सेवा भावना में सहभागी बनने की अपील की है। इस आयोजन में गुरु नानक गुरुद्वारा के प्रमुख सरदार जंग सिंह, सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर अमनदीप सिंह, रायपुर से चरणजीत सिंह, बिलासपुर से सुभाष सुवन्नी एवं महेंद्र सुवन्नी, पेंड्रा रोड से सरदार सुखदेव सिंह ग्रेवाल, गुरुद्वारा के ग्रंथी सरदार विनय सिंह सहित पेंड्रा रोड, पेंड्रा, बिलासपुर, रायपुर, शहडोल, बुढार, मनेंद्रगढ़ सहित विभिन्न क्षेत्रों से सिख समाज के सैकड़ों पुरुष एवं महिलाएं शामिल हुए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला