अनूपपुर: दो दिवसीय 'आजीविका होली मेला' का शुभारंभ
अनूपपुर, 28 फ़रवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिला मुख्यालय में रंगों के महापर्व होली के अवसर पर जनजातीय लोक कला, संस्कृति और ग्रामीण महिलाओं की उद्यमशीलता को प्रोत्साहित करने हेतु स्थानीय सामतपुर तालाब परिसर में कलेक्टर हर्षल पंचोली के मार्गदर्शन दो दिवसीय “आजीविका होली मेला” शनिवार को भव्य शुभारंभ हुआ।
जिला पंचायत अध्यक्ष प्रीति रमेश सिंह, उपाध्यक्ष पार्वती बाल्मिक राठौर, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अर्चना कुमारी द्वारा “आजीविका होली मेला” का शुभारंभ किया गया। मेला 01 मार्च तक प्रातः 11 बजे से रात्रि 9 बजे तक आमजन के लिए खुला रहेगा। मेले का मुख्य उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा दिए गए ‘वोकल फॉर लोकल’ के संदेश को धरातल पर साकार करना है। मध्य प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तत्वावधान में आयोजित इस मेले के माध्यम से स्व-सहायता समूहों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन एवं विक्रय हेतु एक सशक्त मंच प्रदान किया गया है।
मेले के मुख्य आकर्षण (स्व-सहायता समूहों के उत्पाद)
मेले में ग्रामीण महिलाओं द्वारा निर्मित उत्पादों कोदो-कुटकी, कोदो कुकीज, कोदो नमकीन, सुगंधित चावल, शहद, आंवला कैंडी, विभिन्न प्रकार के अचार, पापड़ और बड़ी तथा होली विशेष में रसायनों से मुक्त हर्बल गुलाल और शुद्ध प्राकृतिक रंग एवं हस्तशिल्प एवं सौंदर्य में गोंडी पेंटिंग, काष्ठ शिल्प, मूर्तिकला, अगरबत्ती, हर्बल साबुन, हैंडवॉश और डिशवॉश की विस्तृत श्रृंखला उपलब्ध है।
इस आयोजनों से न केवल स्व-सहायता समूहों को बाजार उपलब्ध होता है, बल्कि स्थानीय उत्पादों के उपयोग के प्रति आमजन में जागरूकता भी बढ़ती है। जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे मेले में पहुँचकर स्थानीय उत्पादों को अपनाएं और ग्रामीण उद्यमियों के आर्थिक सशक्तिकरण में सहभागी बनें। मेले के शुभारंभ विंध्य विकास प्राधिकरण के पूर्व उपाध्यक्ष रामदास पुरी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में हुआ। अतिथियों ने होली मेला स्टॉलों का अवलोकन कर खरीदारी की तथा समूहों का उत्साहवर्धन किया।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला