टीकमगढ़: तालाब में नहाने गए दो चचेरे भाइयों की डूबने से मौत, तीसरे भाई ने खेत में काम कर रहे परिजन को दी सूचना
टीकमगढ़, 22 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के टीकमगढ़जिले के बड़ागांव धसान थाना क्षेत्र के ककरवाहा गांव (मदनीखेरा) में मंगलवार दोपहर तालाब में नहाते समय दो चचेरे भाइयों की डूबने से मौत हो गई। दोनों बच्चे अपने बड़े भाई के साथ गऊताल तालाब में नहाने गए थे। दोनों को डूबता देख बड़े भाई ने दौड़कर पास के खेत में काम कर रहे अपने चाचा के पास पहुंचा और घटना की जानकारी दी।
मृतकों की पहचान 8 वर्षीय अनिकेत अहिरवार, पुत्र बबलू अहिरवार और 7 वर्षीय हेमंत अहिरवार पुत्र देवी अहिरवार के रूप में हुई है। घटना मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे की बताई गई है। जानकारी के अनुसार, अनिकेत और हेमंत अपने बड़े भाई 10 वर्षीय रितेश के साथ तालाब में नहाने गए थे। इसी दौरान दोनों गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। रितेश ने दोनों को डूबते देखा तो वह तत्काल तालाब से निकलकर पास के खेत में पहुंचा, जहां उसके चाचा प्रमोद उड़द की फसल काट रहे थे। उसने चाचा को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही प्रमोद और अन्य परिजन तालाब पर पहुंचे और दोनों बच्चों को पानी से बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें उपचार के लिए बड़ागांव अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
माता-पिता दिल्ली में मजदूरी करते हैं
परिजनों के अनुसार, हेमंत के माता-पिता दिल्ली में मजदूरी करते हैं। उनके दिल्ली में रहने के कारण हेमंत अपने चाचा के पास रह रहा था। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा है। घटना की सूचना मिलने पर बड़ागांव धसान थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी जयेंद्र गोयल ने बताया कि दोनों बच्चों के शवों का पोस्टमार्टम कराया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर घटना की जांच शुरू कर दी है। परिजनों से भी घटना के संबंध में जानकारी ली जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे