आगर में अंतरराज्यीय चड्डी-बनियान गिरोह का खुलासा, दो आरोपित गिरफ्तार; 9 लाख का चोरी का माल बरामद

 


आगरमालवा, 21 सितंबर (हि.स.)। आगर मालवा कोतवाली पुलिस ने अंतरराज्यीय चड्डी-बनियान चोर गिरोह के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे और उनके बताए ठिकाने से करीब नौ लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार गिरोह के अन्य पांच सदस्यों की तलाश की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी ने सोमवार को पत्रकार वार्ता में कार्रवाई की जानकारी देते हुए बताया कि कोतवाली थाना क्षेत्र की अटल कॉलोनी में 22-23 अगस्त 2026 की दरमियानी रात एक सुनसान मकान को निशाना बनाया गया था। चोरों ने मकान का ताला तोड़कर वहां से नकदी और जेवरात चोरी किए थे। वारदात के बाद पुलिस ने आरोपितों तक पहुंचने के लिए सीसीटीवी फुटेज, टोल नाकों से मिली जानकारी और अन्य तकनीकी साक्ष्यों को आधार बनाया।

जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले। इन्हीं के आधार पर पुलिस टीम ने 12 सितंबर 2026 को धार जिले के टांडा थाना क्षेत्र के ग्राम छढ़ावत निवासी कैलसिंह पिता डूडिया बामनिया, जाति भील को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपित ने आगरमालवा क्षेत्र में पहले की गई चोरी की वारदातों के बारे में भी जानकारी दी।

पुलिस पूछताछ में कैलसिंह ने बताया कि पिछले वर्ष दशहरा पर्व से दो दिन पहले विनायक सिटी और अरिहंत वैली में स्थित सुनसान मकानों को भी गिरोह ने निशाना बनाया था। इन मकानों के ताले तोड़कर जेवरात और नकदी चोरी करने की बात आरोपित ने स्वीकार की।

पुलिस रिमांड के दौरान कैलसिंह से हुई पूछताछ में चोरी के माल के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली। आरोपी ने पुलिस को बताया कि अटल कॉलोनी की चोरी के साथ पूर्व में की गई वारदातों का कुछ माल उसकी बहन रायकु पति सुअरसिंह मोहनिया, निवासी ग्राम पोहा, थाना उदयगढ़, जिला अलीराजपुर के घर रखा हुआ है।

जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम ने तत्काल बताए गए ठिकाने पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान 18 सितंबर 2026 को रायकु को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उसके घर से करीब 4.5 तोला सोना और 650 ग्राम चांदी के आभूषण बरामद किए। बरामद सोने की अनुमानित कीमत करीब 7.50 लाख रुपये और चांदी की कीमत करीब 1.50 लाख रुपये बताई गई है। इस तरह बरामद चोरी के माल की कुल अनुमानित कीमत करीब नौ लाख रुपये है।

पुलिस के अनुसार जब्त मशरुके में अपराध क्रमांक 479/2025 से संबंधित सोने का हार, सोने के झैले, सोने की चेन, सोने का लॉकेट, सोने का नाक का कांटा, चांदी का नारियल, बिछुड़िया, चांदी की अंगूठियां, चांदी के सिक्के और चांदी की चेन शामिल हैं।

इसी तरह अपराध क्रमांक 463/2026 से संबंधित चांदी के कड़े, पायजेब, सिक्के, अंगूठी, चांदी का कमर का लूम और चांदी की चेन भी पुलिस ने बरामद की है। इसके अलावा अपराध क्रमांक 475/2025 से संबंधित सोने की नथ और सोने का कांटा भी जब्त किया गया है।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पूछताछ के आधार पर गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की जानकारी जुटाई जा रही है। अंतरराज्यीय चड्डी-बनियान गिरोह के पांच अन्य सदस्यों की तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपितों से पूछताछ और आगे की जांच में चोरी की अन्य वारदातों का भी खुलासा हो सकता है।

सीसीटीवी फुटेज, टोल नाकों से मिली जानकारी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर शुरू हुई जांच अब गिरोह के अन्य सदस्यों तक पहुंचने की दिशा में आगे बढ़ रही है। पुलिस ने बरामद जेवरात को पूर्व में दर्ज अलग-अलग अपराधों से जोड़ते हुए उनकी जांच भी शुरू कर दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / रितेश शर्मा