ट्विशा शर्मा मौत मामलाः गिरिबाला सिंह ने जेल में मांगी सुरक्षा, अदालत ने स्वीकार की मांग
भोपाल, 02 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में अभिनेत्री और मॉडल ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में आरोपी और पूर्व जिला न्यायाधीश गिरिबाला सिंह ने मंगलवार को भोपाल केंद्रीय जेल में सुरक्षित स्थान की मांग की। उन्होंने आशंका जताई कि जेल में ऐसे कई कैदी बंद हैं, जिन्हें उनके न्यायाधीश रहते हुए सुनाए गए फैसलों में सजा हुई थी, इसलिए उनकी सुरक्षा को खतरा हो सकता है। मामले की सुनवाई कर रही अदालत ने उनकी इस मांग को स्वीकार कर लिया है।
गिरिबाला सिंह के वकील ने मीडिया से बातचीत में बताया कि अदालत ने उनकी दलीलें सुनने के बाद जेल प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि समर्थ सिंह और गिरीबाला सिंह को जेल में सुरक्षित स्थान पर रखा जाए। अदालत ने यह भी माना कि उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना आवश्यक है। वकील के अनुसार, अदालत ने सीबीआई जांच से जुड़े मामले में मीडिया कवरेज को लेकर भी कुछ निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जेल में भेजे जाने के दौरान आरोपियों को मीडिया से सुरक्षा प्रदान की जाए, ताकि अनावश्यक स्थिति न बने।
गौरतलब है कि ट्विशा शर्मा की मौत के मामले में रिमांड खत्म होने के बाद मंगलवार को गिरिबाला और समर्थ को सीबीआई ने सीजेएम कोर्ट में पेश किया था। सीबीआई की विशेष अदालत ने ट्विशा शर्मा के पति समर्थ सिंह और सास रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। सीबीआई ने दोनों आरोपियों की पुलिस रिमांड नहीं मांगी, जिसके बाद कोर्ट ने उन्हें 16 जून तक भोपाल सेंट्रल जेल भेजने का आदेश दिया। दोनों को अन्य कैदियों से अलग रखा जाएगा।
सुनवाई के दौरान गिरिबाला ने आरोप लगाया कि ट्विशा के वकील अनुराग श्रीवास्तव ने जबलपुर कोर्ट में उनके बेटे समर्थ के साथ मारपीट की। इस पर अनुराग श्रीवास्तव ने जवाब देते हुए कहा कि जबलपुर कोर्ट में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। अगर ऐसा हुआ है तो कोर्ट की फुटेज निकलवा कर जांच कर ली जाए। अनुराग श्रीवास्तव ने यह भी कहा कि समर्थ को बताना चाहिए कि वह जबलपुर कोर्ट में कहां छिपे थे। उन्होंने कहा कि कोर्ट भी इस सवाल का जवाब देगा।
मामले की जांच के दौरान आरोपी समर्थ और उसकी मां, पूर्व जज गिरिबाला सिंह ने अपने ऊपर लगे मारपीट और सबूतों से छेड़छाड़ के आरोपों को खारिज किया है। दोनों का कहना है कि ट्विशा के साथ उनके संबंध सामान्य थे। सीबीआई दोनों के बयानों का उपलब्ध सबूतों से मिलान कर रही है। सोमवार दोपहर पूरे घटनाक्रम का रीक्रिएशन भी कराया गया। जब्त सबूतों की जांच जारी है। गिरिबाला सिंह वर्तमान में भोपाल केंद्रीय जेल में बंद हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर