अनूपपुर: विभिन्न प्रतिष्ठानों से 21 खाद्य नमूने संग्रहित कर जांच हेतु राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए
अनूपपुर, 28 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर आमजन को शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य विभाग ने गुरुवार और शुक्रवार को दो दिन में जिले के विभिन्न प्रतिष्ठानों में निरीक्षण कर 21 नमूना लेकर जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी बृजेश कुमार विश्वकर्मा ने शुक्रवार को बताया कि कलेक्टर रत्नाकर झा एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी अलका तिवारी के मार्गदर्शन में जिले में खाद्य पदार्थों में मिलावट के विरुद्ध सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। जिलेभर में गुरुवार- शुक्रवार को मिठाई दुकानों, खोवा विक्रेता एवं खाद्य की अन्य प्रतिष्ठानों में निरीक्षण कर नमूने संग्रहीत किए गए हैं।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी द्वारा जिले के विभिन्न होटल एवं खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। अभियान के दौरान होटल आर.एम.जी. बस स्टैंड अनूपपुर, न्यू सुधा स्वीट्स, उत्तम रेस्टोरेंट जैतहरी, प्रयाग मिष्ठान भंडार, कुबेर मिष्ठान भंडार स्टेशन चौक अनूपपुर, रामेश्वर स्वीट्स एवं बीकानेर मिष्ठान भंडार राजेंद्रग्राम सहित अन्य प्रतिष्ठानों से खोवा, पेड़ा, मिल्क केक, कलाकंद, पनीर, फ्लेवर्ड मिल्क, गुलाब जामुन, रसगुल्ला, बेसन लड्डू एवं आटे के लड्डू सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के कुल 21 नमूने संग्रहित कर जांच हेतु राज्य खाद्य प्रयोगशाला भोपाल भेजे गए हैं।
निरीक्षण के दौरान खाद्य कारोबारकर्ताओं को खाद्य सामग्री ढंककर रखने, प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई सुनिश्चित करने तथा गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री एवं मिठाइयों का विक्रय करने के निर्देश दिए गए हैं। रक्षाबंधन सहित आगामी त्योहारों को दृष्टिगत रखते हुए जिले में खाद्य पदार्थों की जांच एवं नमूना संग्रहण की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला