राजगढ़ः दो दिवसीय आध्यात्मिक महोत्सव कल से, श्रीराम जन्मभूमि ट्रस्ट के ट्रस्टी स्वामी परमानंद गिरी देंगे सत्संग
राजगढ़, 06 अगस्त (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा शहर स्थित भोपाल बाइपास चैराहा पर अखंड परमधाम आश्रम में 7 और 8 अगस्त को दो दिवसीय आध्यात्मिक महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। महोत्सव में श्रीराम जन्मभूमि ट्रस्ट के ट्रस्टी एवं युगपुरुष महामंडलेश्वर स्वामी परमानंद गिरी महाराज तथा स्वामी ज्योतिर्मयानंद महाराज का सानिध्य श्रद्धालुओं को प्राप्त होगा। संतों के आगमन को लेकर शहर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में उत्साह का माहौल है।
आयोजन समिति के अनुसार 7 अगस्त को शाम 4 बजे दोनों संत ब्यावरा पहुंचेंगे। आश्रम परिसर में उनका भव्य स्वागत किया जाएगा। वहीं 8 अगस्त को सुबह 8 बजे पादुका पूजन के साथ धार्मिक कार्यक्रमों की शुरुआत होगी। इसके बाद स्वामी परमानंद गिरी महाराज एवं स्वामी ज्योतिर्मयानंद महाराज के सानिध्य में अमृतमयी सत्संग का आयोजन होगा। सत्संग में धर्म, अध्यात्म, संस्कार, राष्ट्रसेवा, मानव जीवन के आदर्श मूल्यों और आध्यात्मिक जीवन की महत्ता पर प्रवचन दिए जाएंगे। आयोजन के समापन पर सभी श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद की व्यवस्था भी की गई है।
आयोजन समिति का कहना है कि वर्तमान समय में मानसिक तनाव और भागदौड़ भरे जीवन के बीच आध्यात्मिक चिंतन की आवश्यकता पहले से अधिक बढ़ गई है। संतों का मार्गदर्शन व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने के साथ मानसिक शांति और सामाजिक सद्भाव का संदेश देता है। इसी उद्देश्य से इस महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। समिति ने ब्यावरा सहित आसपास के सभी श्रद्धालुओं से सपरिवार कार्यक्रम में शामिल होकर संतों के दर्शन, सत्संग और आशीर्वाद का लाभ लेने की अपील की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक