मुरैना: देश सेवा को समर्पित तुलसी यादव पंचतत्व में विलीन

 


कैलारस, 16 जुलाई (हि.स.)। देश की सेवा कर दृढ़ संकल्प लेकर पुलिस में भर्ती हुये तुलसी यादव आज पंचतत्व में विलीन हो गये। गृहग्राम हरलाल का पुरा कैलारस में उनके एक मात्र पुत्र राजवीर ने मुखाग्नि दी।

इस अवसर पर मध्य प्रदेश विशेष सशस्त्र पुलिस बल तथा हॉक फोर्स के सैकड़ों जवानों ने उन्हें अंतिम सलामी दी। गुरूवार सुबह तुलसी यादव का पार्थिव शरीर उनके गृह ग्राम हरलाल का पुरा पहुंचा। जिससे सम्पूर्ण गांव शोकमय हो गया। उनके घर से अंतिम यात्रा मुक्तिधाम तक निकली। जिसमें पुलिस जवान सहित परिवार व ग्रामीण शामिल हुये।

जिले के कैलारस तहसील क्षेत्रान्तर्गत हरलाल का पुरा निवासी तुलसी यादव बचपन से ही सेवाभावी कार्यों के प्रति प्रेरित रहते थे। देश सेवा का जुनून बहुत अधिक था। इसी के चलते वर्ष 2007 में मध्यप्रदेश विशेष सशस्त्र पुलिस बल में भर्ती हुये। उनके देश सेवा के प्रति जुनून को देखते हुये एन एस जी से कमांडो कोर्स मानेश्वर हरियाणा तथा ग्रे हाउंड कमांडो कोर्स हैदराबाद में कराया गया।

मध्यप्रदेश से नक्सलियों को समाप्त करने के लिये निर्मित हॉक फोर्स की सेवा में वर्ष 2011 से भेजा गया था। लगभग 15 साल में अपराधियों के प्रति आक्रोश तथा आम जनता के साथ शांती सुकून प्रदान करने के उद्देश्य से बालाघाट में 13 सशस्त्र नक्सलियों का समर्पण कराने में प्रमुख भूमिका का निर्वहन किया।

मध्य प्रदेश सरकार तथा प्रदेश की पुलिस उनकी सराहना की, इसी तरह के अन्य कार्यों के लिये तुलसी यादव आंतरिक सेवा सुरक्षा पदक से भारत सरकार तथा मध्यप्रदेश सरकार ने राज्य दुर्गम सेवा पदक से सम्मान किया। उनकी विशेष सेवायें काउंटर टेररिस्ट ग्रुप भोपाल में भी रही। तुलसी यादव की विशेष सेवाओं को देखते हुये आरक्षक से प्रधान आरक्षक पद पर आउट ऑफ टर्न में प्रमोशन दिया गया। एसओजी मोतीनाला जिला मंडला के विशेष अभियानों में सहभागिता करने के दौरान वह गंभीर बीमारी से ग्रसित हो गये। मुंबई व भोपाल में इलाज के दौरान विगत दिवस 15 जुलाई 2026 की शाम वीरगति को प्राप्त हुए। वह अपने पीछे पत्नी और एक बेटे को छोडक़र चले गए, ऐसे वीर जवान तुलसी यादव की शहादत को अंचल के साथ-साथ देश भी नहीं भूलेगा। आज अंतिम संस्कार के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, पत्रकार व ग्रामीणजनों ने अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुये वीर जवान की शहादत पर शोक व्यक्त किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा