भिंड- ग्वालियर हाईवे पर स्कूटी को रौंदते हुए पलटा आलू से भरा ट्रक, युवक की मौत, साथी का पैर कटा
भिंंड, 15 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के भिंड जिले में भिंड-ग्वालियर हाईवे (एनएच-719) पर मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात भीषण सड़क हादसे में स्कूटी सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना में घायल युवक का एक पैर शरीर से अलग हो गया। हादसे के बाद आलू से भरा तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर हाईवे पर पलट गया, जिससे करीब दो घंटे तक यातायात बाधित रहा।
पुलिस के अनुसार, विजय पुत्र प्रहलाद जाटव और ईशू पुत्र पुजारी जाटव, दोनों निवासी ग्राम ओझा, थाना नयागांव, स्कूटी क्रमांक एमपी-07-एसआर-1674 से हाईवे पर जा रहे थे। मेहगांव थाना क्षेत्र के बरहद गांव के पास पीछे से आ रहे आलू से भरे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर जा गिरे और ट्रक अनियंत्रित होकर बीच सड़क पर पलट गया।
हादसे में विजय जाटव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ईशू गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना में उसका एक पैर शरीर से अलग हो गया। सूचना मिलते ही मेहगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को पहले स्थानीय अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए ग्वालियर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा परिजनों को सूचना दी।
दो घंटे तक लगा जाम, क्रेन से हटाया गया ट्रक
हादसे के बाद ट्रक हाईवे के बीचोंबीच पलट जाने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने क्रेन की मदद से ट्रक को सड़क से हटवाया, जिसके बाद करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद यातायात सामान्य हो सका। पुलिस ट्रक चालक की तलाश कर दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
एनएच-719 पर लगातार हो रहे हादसे
गौरतलब है कि एनएच-719 पर लगातार सड़क हादसे सामने आ रहे हैं। स्थानीय लोग लंबे समय से हाईवे के चौड़ीकरण और सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हो सकी है। मेहगांव थाना टीआई रविंद्र शर्मा ने बताया कि सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हुई है, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है। घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को क्रेन से हटाकर यातायात बहाल करा दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे