भोपाल में ई-बसों का ट्रायल रन शुरू, बैरागढ़ डिपो से 3 रूटों पर निकलीं, अगस्त से जनता कर सकेगी सफर
भोपाल, 20 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल की सड़कों पर सोमवार से ई-बसों का पांच दिवसीय ट्रायल रन शुरू हो गया है। बैरागढ़ स्थित डिपो से निकलीं इन बसों का संचालन तीन प्रमुख मार्गों पर किया जा रहा है, ताकि अगस्त माह से आम यात्रियों के लिए इनकी नियमित सेवा शुरू की जा सके।
भोपाल वासियों को जल्द ही प्रदूषण मुक्त और आधुनिक सार्वजनिक परिवहन की सुविधा मिलने जा रही है। सोमवार सुबह बैरागढ़ डिपो से ई-बसों को 3 अलग-अलग रूटों पर ट्रायल के लिए रवाना किया गया। गौरतलब है कि एक दिन पहले रविवार को जगदीशपुर में आयोजित राज्य कैबिनेट की बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, मंत्रिमंडल के सदस्य और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी इन्हीं तीन ई-बसों में सवार होकर पहुंचे थे। वर्तमान में चल रहे पांच दिवसीय ट्रायल के दौरान बसों के सुचारू संचालन, रूट की उपयोगिता, ट्रैफिक दबाव, चार्जिंग दक्षता और तकनीकी कमियों का गहराई से आकलन किया जा रहा है। चूंकि यह ड्राई रन है, इसलिए इसमें आम यात्रियों की आवाजाही प्रतिबंधित रखी गई है, हालांकि स्थानीय पार्षदों को इसमें बैठाकर फीडबैक लिया जाएगा।
पुराने भोपाल से कोलार तक जुड़ेगा रूट
ट्रायल रन के दौरान बसों की समय-सारणी को दो शिफ्टों में विभाजित किया गया है। पहली शिफ्ट सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक संचालित हुई, जबकि दूसरी शिफ्ट दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक निर्धारित की गई है। रूट प्लान के तहत ई-बसों को बैरागढ़ डिपो से शुरू कर पुराने भोपाल के व्यस्त इलाकों से होते हुए बोर्ड ऑफिस चौराहा तक लाया जा रहा है। यहां से बसों को भोपाल रेलवे स्टेशन (प्लेटफॉर्म नंबर-1) और कोलार के बैरागढ़ चीचली मार्ग तक चलाया जा रहा है। इस परीक्षण से इन घने यातायात वाले मार्गों पर बसों के परिचालन में आने वाली व्यावहारिक दिक्कतों को समझा जा सकेगा।
जल्द ही 20 और नई बसें आएंगी
नगर निगम और परिवहन विभाग के अधिकारियों के अनुसार भोपाल में अब तक 21 इलेक्ट्रिक बसें पहुंच चुकी हैं और आगामी 10 से 12 दिनों के भीतर 20 अन्य नई बसों की खेप भी पहुंचने की संभावना है। बेड़े के विस्तार के साथ ही बैरागढ़ डिपो में चार्जिंग अवसंरचना को भी मजबूत किया गया है, जहां 11 हाई-टेक चार्जर प्वाइंट स्थापित किए जा चुके हैं ताकि नियमित सेवा शुरू होने के बाद चार्जिंग को लेकर कोई समस्या न आए। अधिकारियों का कहना है कि पांच दिनों का यह ट्रायल सफल रहने के बाद अगस्त महीने से आम नागरिकों के लिए इलेक्ट्रिक बस सेवा की विधिवत शुरुआत कर दी जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत