इंदौर के पुराने पुलिस कंट्रोल रूम परिसर में ट्रांसफॉर्मर शॉर्ट सर्किट से लगी आग, मची अफरा-तफरी

 


इंदौर, 12 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर जिले में रविवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब रीगल स्थित रानी सराय परिसर में अचानक आग लग गई। आग पुराने पुलिस कंट्रोल रूम परिसर के पास लगी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रांसफॉर्मर से निकली चिंगारी के कारण बिजली के तारों में शॉर्ट सर्किट हुआ, जिसके चलते आसपास की सूखी झाड़ियों ने आग पकड़ ली। देखते ही देखते आग ने फैलना शुरू कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पा लिया। यह इलाका छोटी ग्वालटोली थाने के पास स्थित है, जहां पुलिस कंट्रोल रूम परिसर में बड़ी मात्रा में कबाड़ भी पड़ा हुआ था।

बताया गया है कि थाना परिसर में काफी मात्रा में कबाड़ भी पड़ा हुआ है। यदि आग फैलती तो बड़ा हादसा हो सकता था। दमकल विभाग के मुताबिक, अगर समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं पाया जाता, तो यह एक बड़े हादसे का रूप ले सकती थी। फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे