आगरमालवाः सड़क दुर्घटना प्रबंधन पर पुलिस अधिकारियों को दिया गया प्रशिक्षण

 


आगरमालवा, 24 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के आगरमालवा जिले में मंगलवार को पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों को सड़क दुर्घटनाओं को लेकर प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान नगदी रहित उपचार योजना के बारे में बताते हुए सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को चिन्हित अस्पतालों में तत्काल बिना किसी अग्रिम भुगतान के उपचार उपलब्ध कराने की जानकारी दी गई।

प्रशिक्षक अर्पणा श्रीवास्तव द्वारा विभिन्न प्रणालियों में प्रविष्टियों की प्रक्रिया, समय सीमा, आवश्यक दस्तावेज एवं तकनीकी सावधानियों पर विस्तारपूर्वक प्रशिक्षण दिया गया। इसके पश्चात सीएचएमओ दिनेश देहलवार द्वारा अस्पतालों में नगदी रहित उपचार की प्रक्रिया, समन्वय एवं आवश्यक प्रोटोकॉल के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।

इस मौके पर पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सिंह ने कहा कि सड़क दुर्घटना के मामलों में पुलिस की भूमिका अत्यंत संवेदनशील एवं जिम्मेदारीपूर्ण होती है। उन्होंने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस को तत्काल मौके पर पहुंचकर घायलों को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाना, ट्रैफिक को सुचारू करना एवं आवश्यक कानूनी कार्यवाही प्रारंभ करना प्राथमिक कर्तव्य है। उन्होंने विशेष रूप से गोल्डन ऑवर के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि इस अवधि में त्वरित उपचार से कई जिंदगियां बचाई जा सकती हैं।

सिंह ने निर्देशित किया कि नगदी रहित उपचार योजना एवं राहवीर योजना का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसी भी घायल को उपचार के अभाव में परेशानी न हो तथा मदद करने वाले नागरिकों को उचित सम्मान एवं प्रोत्साहन मिल सके। साथ ही उन्होंने ई-डार, एफएआर, आईएआर, डीएआर प्रविष्टियों में शुद्धता, समयबद्धता एवं पारदर्शिता बनाए रखने पर जोर देते हुए कहा कि छोटी-सी त्रुटि भी प्रकरण को प्रभावित कर सकती है, इसलिए प्रत्येक अधिकारी पूरी जिम्मेदारी एवं सतर्कता के साथ कार्य करें साथ ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रविन्द्र कुमार बोयट द्वारा भी इस संबंध में महत्वपूर्ण सुझाव एवं मार्गदर्शन प्रदान किया गया।

कार्यक्रम का संचालन प्रभारी रक्षित निरीक्षक जगदीश यादव ने किया। प्रशिक्षण में आगरमालवा कोतवाली थाना प्रभारी शशि उपाध्याय, सुसनेर थाना प्रभारी सुसनेर अक्षयसिंह बेस, सोयतकलां थाना प्रभारी रामगोपाल वर्मा, कानड़ थाना प्रभारी राजकुमार दांगी, बड़ौद थाना प्रभारी रूपसिंह बेस, सूबेदार जितेन्द्र शुक्ला सहित पुलिस लाइन, पुलिस अधीक्षक कार्यालय एवं अन्य थानों के लगभग 80 से अधिक पुलिस अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। जाएंगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रितेश शर्मा