प्रशिक्षित कार्यकर्ताओं के दम पर 2028 में रचेंगे नया इतिहास: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
भाजपा प्रदेश कार्यालय में मंडल व जिला प्रशिक्षण वर्ग की प्रदेश स्तरीय समीक्षा बैठक आयाेजित
भोपाल, 16 जून (हि.स.)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी प्रशिक्षित और समर्पित कार्यकर्ताओं की शक्ति के बल पर वर्ष 2028 के विधानसभा चुनाव में पिछली बार से भी अधिक सीटें जीतकर नया इतिहास रचेगी। उन्होंने कहा कि आज देश के लगभग 80 प्रतिशत भू-भाग पर भाजपा और एनडीए की सरकारें हैं, जो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व, भाजपा की नीतियों और जनता के विश्वास का प्रमाण है।
मुख्यमंत्री डाॅ. यादव मंगलवार को राजधानी भाेपाल स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान-2026 के अंतर्गत आयोजित मंडल एवं जिला प्रशिक्षण वर्गों की प्रदेश स्तरीय समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे। बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह, गुजरात के प्रदेश संगठन महामंत्री रत्नाकर जी तथा पश्चिम मध्य क्षेत्र के क्षेत्रीय प्रभारी के.सी. पटेल सहित संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।
विश्व में अस्थिरता, लेकिन भारत आत्मविश्वास से आगे बढ़ रहा
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि वर्तमान समय में दुनिया के कई देश आर्थिक और राजनीतिक चुनौतियों का सामना कर रहे हैं, लेकिन भारत तेजी से विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कभी भी राष्ट्रहित और देश के स्वाभिमान से समझौता नहीं किया। यही कारण है कि भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा लगातार बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा एकमात्र ऐसा राजनीतिक दल है जहां कार्यकर्ताओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाती है। यहां पद वंशवाद या परिवारवाद से नहीं, बल्कि परिश्रम, समर्पण और संगठन के प्रति निष्ठा से प्राप्त होते हैं।
भाजपा ने संकल्पों को सिद्ध कर दिखाया
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन विषयों को वर्षों तक असंभव बताया जाता रहा, भाजपा ने उन्हें साकार कर दिखाया। जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद-370 हटाने और अयोध्या में भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर निर्माण का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा केवल वादे नहीं करती, बल्कि उन्हें धरातल पर उतारकर दिखाती है। उन्होंने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 12 वर्ष पूरे होना देश के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है। इन वर्षों में भारत ने विकास, सुरक्षा और वैश्विक नेतृत्व के नए मानक स्थापित किए हैं।
समान न्याय की दिशा में आगे बढ़ रहा मध्य प्रदेश
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश समान नागरिक संहिता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है और इस संबंध में महत्वपूर्ण निर्णय लेने वाले राज्यों में शामिल होगा। उन्होंने कहा कि तुष्टिकरण की राजनीति को समाप्त कर समान न्याय और समान अधिकारों की स्थापना भाजपा सरकार की प्राथमिकता है।
1313 मंडलों में प्रशिक्षण वर्ग संगठन की ताकत का प्रमाण: हेमंत खण्डेलवाल
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि प्रदेश के सभी 62 संगठनात्मक जिलों और 1313 मंडलों में शत-प्रतिशत प्रशिक्षण वर्गों का सफल आयोजन कार्यकर्ताओं की सक्रियता और संगठन की मजबूती का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण का वास्तविक उद्देश्य केवल जानकारी देना नहीं, बल्कि उसे जीवन, व्यवहार और कार्यशैली में उतारना है। जब प्रशिक्षण का प्रभाव कार्यकर्ता के आचरण में दिखाई देता है, तभी उसका उद्देश्य सफल माना जाता है। खण्डेलवाल ने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और योजनाबद्ध कार्यप्रणाली के कारण यह अभियान सफल रहा है। आगामी कोर कमेटी बैठकों में प्रशिक्षण वर्गों की समीक्षा कर उन्हें और अधिक प्रभावी बनाने पर चर्चा की जाएगी।
विचारधारा और व्यवहार में दिखनी चाहिए प्रशिक्षण की छाप: डॉ. महेन्द्र सिंह
भाजपा प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने कहा कि प्रशिक्षण में मिली सीख कार्यकर्ताओं के दैनिक जीवन, व्यवहार और कार्यशैली में दिखाई देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा विचारधारा आधारित संगठन है और विचारधारा की मजबूती ही संगठन की वास्तविक शक्ति है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की सांस्कृतिक पहचान वैश्विक स्तर पर मजबूत हुई है। आज दुनिया के अनेक देशों में भारत की संस्कृति और राष्ट्रभावना का सम्मान बढ़ा है।
प्रशिक्षण से मजबूत होती है संगठनात्मक संरचना
गुजरात के प्रदेश संगठन महामंत्री रत्नाकर जी ने कहा कि प्रशिक्षण वर्ग संगठन को मजबूत बनाने का सबसे प्रभावी माध्यम है। इससे कार्यकर्ताओं का बौद्धिक विकास होता है और कार्य करने की क्षमता में वृद्धि होती है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त अनुभवों और सीख को सामाजिक जीवन में भी लागू किया जाना चाहिए, ताकि समाज और संगठन दोनों को उसका लाभ मिल सके।
शीर्ष नेतृत्व की अपेक्षाओं पर खरा उतरा मध्यप्रदेश: के.सी. पटेल
पश्चिम मध्य क्षेत्र के क्षेत्रीय प्रभारी के.सी. पटेल ने कहा कि पश्चिम मध्य क्षेत्र के सात राज्यों में मध्यप्रदेश का प्रशिक्षण अभियान सबसे बेहतर रहा है। मंडल और जिला स्तर पर शत-प्रतिशत प्रशिक्षण वर्गों का आयोजन संगठन की बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने भी मध्यप्रदेश के प्रशिक्षण अभियान की सराहना की है। प्रशिक्षण का उद्देश्य कार्यकर्ताओं के व्यक्तित्व और नेतृत्व क्षमता का विकास करना है, जिससे वे समाज में सकारात्मक परिवर्तन के वाहक बन सकें। बैठक में प्रदेश पदाधिकारियों, संभाग प्रभारियों, जिला अध्यक्षों, जिला प्रभारियों और प्रशिक्षण अभियान से जुड़े पदाधिकारियों ने भाग लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे