जबलपुरः रेल्वे ब्रिज पर ट्रेन ने गायों को मारी टक्कर, ब्रिज से नीचे युवक पर गिरी गाय, गम्भीर रूप से घायल को मेडिकल भेजा

 


जबलपुर, 11 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में गौरीघाट रेलवे ब्रिज पर रविवार देर रात नागपुर की ओर जा रही ट्रेन की चपेट में आने से रेलवे ट्रैक पर घूम रही कई गायें उछलकर पुल से नीचे सड़क पर जा गिरीं। इस दौरान पुल के नीचे खड़ा एक युवक गाय की चपेट में आ गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में 3 गायो की मौत हो गई, जबकि एक गाय घायल बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, 10 मई की देर रात ट्रेन जैसे ही गौरीघाट स्टेशन से पहले बने पुल के पास पहुंची, तभी ट्रैक पर मौजूद तीन गायें उसकी चपेट में आ गईं। टक्कर इतनी तेज थी कि एक गाय पुल से नीचे लघुशंका कर रहे युवक के ऊपर आ गिरी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद डायल 112 और 108 एंबुलेंस की मदद से युवक को अस्पताल पहुंचाया गया।

घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल युवक को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। युवक की स्थिति ऐसी नहीं है कि वह अपना नाम-पता बता सके। मामले की सूचना मिलने पर नगर निगम जबलपुर और ग्वारीघाट थाना पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी गई है।

हादसे के बाद नगर निगम का अमला घायल गाय को उपचार के लिए वेटरनरी कॉलेज ले गया, जबकि मृत गाय को तिलवारा घाट क्षेत्र भेजा गया। फिलहाल पुलिस युवक की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक