खरगोन में राष्ट्रीय राजमार्ग पर ट्राले ने बाइक सवारों को कुचला, युवती की मौत, युवक घायल
खरगोन, 12 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के खरगोन जिले में मुंबई-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर ग्राम मगरखेड़ी के पास शनिवार सुबह ट्रक-ट्राले ने बाइक सवार युवक-युवती को टक्कर मार दी। हादसे में युवती की मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा युवक घायल हो गया। हादसे के बाद हाईवे पर करीब 5 किलोमीटर लंबा जाम लग गया।
जानकारी के अनुसार, हादसा शनिवार सुबह करीब 7 बजे हुआ। आशीष परमार बाइक से भूमि शर्मा (26) के साथ जा रहा था। इसी दौरान मगरखेड़ी के पास उनकी बाइक को ट्रक-ट्राले ने टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही भूमि ट्राले के पहिए के नीचे आ गईं और गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक चला रहा आशीष घायल हो गया।
हादसा इतना भीषण था कि भूमि का शव ट्रक के पहिए के नीचे फंस गया। घटना की सूचना मिलते ही बलकवाड़ा थाना प्रभारी सागर चौहान पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने क्रेन की मदद से ट्रक को हटवाया और उसके नीचे फंसे शव को बाहर निकलवाया। इसके बाद शव को एंबुलेंस में रखवाया गया। घायल आशीष को हाईवे एंबुलेंस से ठीकरी अस्पताल पहुंचाया गया।
दुर्घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर हादसे की जानकारी जुटाई और यातायात व्यवस्था संभाली। थाना प्रभारी सागर चौहान ने पुलिस टीम के साथ मौके पर मौजूद रहकर शव को एंबुलेंस में रखवाने में भी मदद की। पुलिस अब हादसे के कारणों की जांच कर रही है और फरार ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।
हादसे के बाद मुंबई-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो गई। दुर्घटनाग्रस्त ट्रक और मौके पर जुटी भीड़ के कारण करीब एक घंटे तक हाईवे पर लगभग 5 किलोमीटर लंबा जाम लगा रहा। इससे दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। पुलिस ने नेशनल हाईवे टोल एरिया मैनेजर राकेश मंडलोई की टीम के साथ मिलकर यातायात को व्यवस्थित कराया। क्रेन की मदद से ट्रक को हटाने और सड़क साफ कराने के बाद वाहनों की आवाजाही बहाल हो सकी। बलकवाड़ा पुलिस घायल आशीष के बारे में जानकारी जुटाने के साथ हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत