दतिया के भूटान बैराज में दर्दनाक हादसा: बेटे को बचाने कूदे पिता, मामा भी डूबे; एक का शव बरामद, दो की तलाश जारी
दतिया, 29 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दतिया जिले में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में पिता-पुत्र और उनका मामा बैराज के गहरे पानी में डूब गए। घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र के रेड़ा गांव स्थित भूटान बैराज की है। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और प्रशासन की टीम ने एनडीआरएफ तथा स्थानीय गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू किया। देर शाम तक एक व्यक्ति का शव बरामद कर लिया गया था, जबकि दो अन्य की तलाश जारी थी।
पुलिस के अनुसार, रेड़ा गांव निवासी महेंद्र रजक (40) रविवार दोपहर करीब एक बजे अपने 15 वर्षीय बेटे आर्यन रजक और साले पवन के साथ भूटान बैराज पहुंचे थे। उनके साथ परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद थे। सभी लोग बैराज में नहाने के लिए पानी में उतरे थे। इसी दौरान आर्यन अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा।
बेटे को डूबता देख पिता महेंद्र ने उसे बचाने के लिए गहरे पानी में छलांग लगा दी। पिता-पुत्र को संकट में देखकर पवन भी उन्हें बचाने के लिए पानी में कूद पड़ा। हालांकि, पानी की गहराई और तेज बहाव के कारण तीनों संभल नहीं सके और देखते ही देखते गहरे पानी में लापता हो गए। घटना के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाश शुरू कराई। हादसे की गंभीरता को देखते हुए एनडीआरएफ की टीम भी बुलाई गई। रेस्क्यू टीम ने बैराज में सघन तलाशी अभियान चलाया। देर शाम तक एक व्यक्ति का शव बरामद कर लिया गया था, जबकि अन्य दो की तलाश की जा रही थी।
बेटी की विदाई के दो दिन बाद परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़बताया गया है कि महेंद्र रजक के परिवार में दो दिन पहले ही बेटी की शादी के बाद विदाई हुई थी। शादी में शामिल होने आए कुछ रिश्तेदार अभी घर पर ही रुके हुए थे। इसी दौरान परिवार के सदस्य नहाने के लिए भूटान बैराज पहुंचे थे, जहां यह हादसा हो गया। बेटी की विदाई के बाद जिस घर में खुशियों का माहौल था, वहां इस घटना से मातम पसर गया। गांव में भी शोक की लहर है।
फिलहाल पुलिस और रेस्क्यू टीम की ओर से लापता लोगों की तलाश के लिए अभियान जारी था।
हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा