सागरः नेशनल हाईवे 44 पर नीम घाटी के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, 3 की मौत और लगभग 33 घायल

 


सागर, 22 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले से गुजरने वाले नेशनल हाइवे (एनएच)-44 पर रविवार दोपहर नीम घाटी के पास श्रद्धालुओं से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। इस भीषण दुर्घटना में तीन ग्रामीणों की जान चली गई, जबकि लगभग 33 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी ग्रामीण बरमान से नर्मदा स्नान कर अपने गांव वापस लौट रहे थे।

प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टर-ट्रॉली में करीब 35-36 ग्रामीण सवार थे। नीम घाटी के ढलान वाले हिस्से के पास वाहन अचानक असंतुलित होकर पलट गया। हादसा इतना जबरदस्त था कि कई ग्रामीण ट्रॉली के नीचे दब गए, जबकि कुछ लोग उछलकर सड़क पर जा गिरे। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। कई घायलों के हाथ-पैर टूट गए और सिर व चेहरे पर गहरी चोटें आई हैं। सूचना मिलते ही आसपास के राहगीर, समाजसेवी, जनप्रतिनिधि और पुलिस प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। सभी घायलों को तत्काल एंबुलेंस व निजी वाहनों की मदद से देवरी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद, अत्यंत गंभीर रूप से घायल मरीजों को बेहतर इलाज के लिए सागर के बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है।

देवरी के अनुविभागीय दंडाधिकारी (राज.) मुनव्वर खान ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सभी ग्रामीण जिले की बांदरी तहसील अंतर्गत ग्राम गढ़ौला गोसाई के निवासी हैं। वे बरमान घाट से धार्मिक स्नान कर अपने घर लौट रहे थे। प्रशासन द्वारा मृतकों के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है।

सूत्रों से प्राप्त जानकारी अनुसार मृतकों की शिनाख्त नीचे दिए गए नामों के रूप में हुई है रक्षा प्रजापति, प्रेमरानी यादव, राकेश यादव ।

घटनास्थल पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों ने इस हादसे के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण और यातायात व्यवस्था की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि मालवाहक ट्रैक्टर-ट्रॉली में 30 से अधिक यात्रियों को बैठाकर राष्ट्रीय राजमार्ग और टोल प्लाजा से गुजरने दिया गया, लेकिन कहीं भी इन्हें रोका नहीं गया। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि कृषि कार्यों के लिए बने ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवारी ढोने पर सख्ती से प्रतिबंध लगाया जाए।

एसडीएम मुनव्वर खान ने बताया कि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि ट्रैक्टर केवल तेज रफ्तार व असंतुलन के कारण पलटा या किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से यह हादसा हुआ। गौरझामर और देवरी थाना पुलिस संयुक्त रूप से मामले की तफ्तीश कर रही है। इसके साथ ही, राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात नियमों के उल्लंघन और ओवरलोडिंग के पहलुओं की भी बारीकी से जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे