नर्मदापुरम: इटारसी में मजदूरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पुलिया से नीचे गिरी, 10 घायल, 3 महिलाओं की हालत नाजुक
नर्मदापुरम, 06 जुलाई (हि.स.) । मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले के इटारसी के जमानी-तीखड़ मार्ग पर सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है। जहां मजदूरों से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर खर्रा नदी की पुलिया से नीचे जा गिरी। दुर्घटना में करीब 10 मजदूर घायल हुए हैं, जिनमें से तीन महिलाओं और एक 10 वर्षीय मासूम बच्चे की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टर-ट्रॉली में करीब 25 से 30 मजदूर सवार थे, जो माना गांव से अशोक चौधरी नामक किसान के खेत में मक्का की बुआई (लगाने) के लिए जा रहे थे। ट्रैक्टर को अशोक चौधरी के दामाद लवी चला रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों और चश्मदीदों ने बताया कि जैसे ही ट्रैक्टर-ट्रॉली खर्रा नदी के पुल पर पहुंची, अचानक चलते ट्रैक्टर का अगला लिफ्ट/हिस्सा खुल गया। इस तकनीकी खराबी के कारण ट्रैक्टर का आगे का हिस्सा हवा में उठ गया, जिससे चालक लवी का वाहन पर से नियंत्रण पूरी तरह खो गया और ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर सीधे पुलिया से नीचे गिर गई।
पुलिया से ट्रैक्टर-ट्रॉली गिरते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। वहां से गुजर रहे राहगीरों और स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद मलबे और ट्रॉली के नीचे दबे घायलों को बाहर निकाला और निजी वाहनों व एम्बुलेंस की मदद से इटारसी के शासकीय अस्पताल पहुंचाया।
घायलों में तीन महिला मजदूरों की स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है। हादसे में घायल हुए लोगों में छोटेलाल कमलेश (10 वर्ष) के सिर और कान के पास बेहद गंभीर और अंदरूनी चोटें आई हैं। मीटिया भाई के बायां हाथ बुरी तरह फ्रैक्चर हो गया है। कालीबाई के माथे पर गहरी चोट आई है, जिसके चलते डॉक्टरों को दो टांके लगाने पड़े। मंगाबाई के सिर और पैर में गंभीर चोटें हैं। सुनीताबाई और रूबी के कमर में गंभीर चोट आई है। शीलाबाई के पैर और छाती में अंदरूनी चोट के कारण दर्द की शिकायत है। दीपा के पैर में गंभीर चोट लगी है। हादसे की सूचना पर इटारसी शासकीय अस्पताल की अधीक्षक तुरंत इमरजेंसी वार्ड पहुंचीं और डॉक्टरों की टीम को घायलों के त्वरित व बेहतर इलाज के निर्देश दिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत