अनूपपुर: ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से हुए हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 6 हुई

 




अनूपपुर, 30 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के जनपद पंचायत पुष्पराजगढ़ के ग्राम बिजौरा, सरई चौकी, थाना कारणपठार और उमरिया जिले की सीमा पर शुक्रवार शाम हुए ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने के हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 6 हो गई है।

दरअसल, शुक्रवार शाम अनूपपुर-उमरिया जिलों की सीमा पर तिवनी गांव के पास श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पुलिया में पलटने से 4 लोगों की मृत्यु रात में हो गई थी, जबकि दो घायलों ने शनिवार को उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं 22 घायलों का मेडिकल कॉलेज शहडोल में उपचाररत है। सभी ग्रामवासी पड़मनिया से पूजा-अर्चना के लिए ग्राम बिजौरा जा रहे थे।

शुक्रवार देर रात कलेक्टर हर्षल पंचोली ने शहडोल मेडिकल कॉलेज पहुंचकर घायल मरीजों से मुलाकात की, उन्होंने घायलों के स्वास्थ्य का हाल जाना और परिजनों को ढांढस बंधाया। कलेक्टर ने मेडिकल कॉलेज प्रबंधन को निर्देश दिए हैं कि सभी घायलों को बेहतर से बेहतर और उच्च स्तरीय इलाज मुहैया कराया जाए। इस दुखद हादसे में काल-कवलित नागरिकों के परिजन को 8-8 लाख रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान दी जाएगी।

6 की मौत हो गई

इस दुर्घटना में छः लोगों की जाने चली गई है। सभी मृतक ग्राम पड़मनिया के निवासी हैं। दो की घटना स्थल पर,दो पाली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और दो की मौत मेडिकल कॉलेज शहडोल में इलाज के दौरान मौत हो गई है। मृतकों में एक पंद्रह वर्षीय लड़का भी शामिल हैं। मृतकों में 45 वर्षीय घनश्याम सिंह , 55 वर्षीय सहबल बैगा , 50 वर्षीय भूपत सिंह और 60 वर्षीय बीर सिंह के अलावा 15 वर्षीय धर्मपाल एवं 40 वर्षीय कृष्णपाल सिंह शामिल है।

हादसे में 41 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें पाली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायलों को जिला चिकित्सांलय उमरिया एवं गंभीर घायलों का मेडिकल कॉलेज शहडोल में इलाज जारी है।

संभागायुक्त - कलेक्टर देर रात मेडिकल कॉलेज पहुंच कर घायलों का जाना हालचाल

शहडोल संभागायुक्त सुरभि गुप्ता एवं अनूपपुर कलेक्टर हर्षल पंचोली ने देर रात मेडिकल कॉलेज शहडोल पहुंच कर घायलों का हालचाल जाना और बेहतर इलाज के निर्देश दिए। कलेक्टर हर्षल पंचोली ने शहडोल मेडिकल कॉलेज पहुंचकर घायल मरीजों से मुलाकात की, उन्होंने घायलों के स्वास्थ्य का हाल जाना और परिजनों को ढांढस बंधाया। साथ ही मेडिकल कॉलेज प्रबंधन को निर्देश दिए हैं कि सभी घायलों को बेहतर से बेहतर और उच्च स्तरीय इलाज मुहैया कराया जाए। इस दुखद हादसे में काल-कवलित परिजनों 8 लाख की सहायता राशि दी जायेगी। जिसमे मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान से 4-4 लाख एवं संबल योजना के अंतर्गत 4-4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला