शहडोल : बांधवगढ़ के वन्यजीव प्रबंधन मॉडल को समझने के लिए सरिस्का के दल ने लिया दो दिवसीय प्रशिक्षण

 


शहडोल, 23 नवंबर (हि.स.)। वन्यजीव संरक्षण और बेहतर प्रबंधन की दिशा में बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व की कार्यप्रणाली अब दूसरे राज्यों के लिए भी सीखने का माध्यम बन रही है। राजस्थान के सरिस्का टाइगर रिजर्व से आए चार सदस्यीय अधिकारी-कर्मचारी दल का 22 एवं 23 नवंबर को आयोजित दो दिवसीय भ्रमण एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस दौरान दल ने बांधवगढ़ में वन्यजीव संरक्षण, पर्यटन प्रबंधन, रहवास सुधार और मानव-वन्यजीव संघर्ष की चुनौतियों से निपटने के लिए अपनाई जा रही व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की।

सरिस्का से आए दल में क्षेत्रीय वन अधिकारी कप्तान सिंह, क्षेत्रीय वन अधिकारी (अजबगढ़) चंद्रप्रकाश मीणा, सहायक वनपाल (अकबरपुर) रामवीर सिंह एवं वनरक्षक (अलवर बफर) रतनलाल गुर्जर शामिल रहे। दल का मुख्य उद्देश्य उच्च बाघ घनत्व वाले क्षेत्र के प्रबंधन, पर्यटन क्षेत्रों एवं जिप्सी नियमन, जंगली हाथियों के आगमन से उत्पन्न मानव-वन्यजीव संघर्ष के प्रबंधन तथा वन्यजीव स्वास्थ्य एवं रेस्क्यू इकाई की कार्यप्रणाली का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करना था।

पहले दिन संवाद और प्रस्तुतियों के माध्यम से साझा किए अनुभव

प्रशिक्षण के प्रथम दिवस 22 नवंबर को बांधवगढ़ पहुंचने पर ताला परिक्षेत्र के सहायक संचालक श्री जितेंद्र अवासे एवं वन परिक्षेत्र अधिकारी श्री राहुल किरार ने अतिथि दल का स्वागत किया। इसके पश्चात इको सेंटर ताला में औपचारिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व की भौगोलिक संरचना, कार्यप्रणाली, प्रमुख उपलब्धियों और वर्तमान चुनौतियों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। इस दौरान सरिस्का टाइगर रिजर्व के दल ने भी पावर पॉइंट प्रस्तुति के माध्यम से वहां अपनाई जा रही वन्यजीव प्रबंधन की व्यवस्थाओं और कार्यप्रणाली की जानकारी साझा की। इसके बाद ताला परिक्षेत्र का भ्रमण कराकर विभाग द्वारा किए जा रहे विभिन्न कार्यों से अवगत कराया गया।

दूसरे दिन मैदानी भ्रमण कर समझीं संरक्षण की तकनीकें

प्रशिक्षण के दूसरे दिन दल ने बांधवगढ़ के विभिन्न परिक्षेत्रों का मैदानी भ्रमण किया। इस दौरान वन्यजीवों के प्राकृतिक रहवास को बेहतर बनाने के लिए किए जा रहे कार्यों का प्रत्यक्ष अवलोकन किया। हैबिटेट सुधार के अंतर्गत मृदा एवं जल संरक्षण के लिए तालाब निर्माण तथा वन क्षेत्रों में लैंटाना और अन्य खरपतवारों के उन्मूलन की तकनीकों की जानकारी दी गई। दल को बहेरहा एनक्लोजर की व्यवस्थाओं एवं प्रबंधन की बारीकियों से भी अवगत कराया गया। इसके साथ ही मगधी परिक्षेत्र स्थित बारहसिंगा बाड़े का भ्रमण कराया गया, जहां बारहसिंगों के संरक्षण, देखरेख और प्रबंधन से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी दी गई।

पर्यटन प्रबंधन और जिप्सी नियमन का भी किया अवलोकन

दल ने खितौली पर्यटन क्षेत्र का भ्रमण कर वहां संचालित पर्यटन व्यवस्थाओं, जिप्सी नियमन और जल संरक्षण के कार्यों का प्रत्यक्ष अवलोकन किया। इस दौरान संरक्षित क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों के संचालन और वन्यजीव संरक्षण के बीच संतुलन बनाए रखने के लिए अपनाई जा रही व्यवस्थाओं को समझा।

दोनों राज्यों के बीच बेहतर समन्वय को मिलेगा बढ़ावा

दो दिवसीय इस अध्ययन एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम से सरिस्का टाइगर रिजर्व के अधिकारी-कर्मचारियों को बांधवगढ़ में अपनाए जा रहे वन्यजीव प्रबंधन और संरक्षण के विभिन्न मॉडलों का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त हुआ। इस प्रकार के अंतरराज्यीय भ्रमण एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम वन्यजीव संरक्षण के क्षेत्र में एक-दूसरे के अनुभवों और नवाचारों को साझा करने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करते हैं। इससे भविष्य में दोनों टाइगर रिजर्व के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होने के साथ वन्यजीव संरक्षण और प्रबंधन की व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाने में सहायता मिलेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला