राजगढ़ः तिरंगा यात्रा में शामिल हुए राज्यमंत्री पंवार

 


राजगढ़, 14 अगस्त (हि.स.)।मध्यप्रदेष के राजगढ़ जिले के सुठालिया एवं गिन्दौरहाट में शुक्रवार को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में प्रदेश के मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास राज्यमंत्री नारायणसिंह पंवार शामिल हुए। हाथों में तिरंगा लेकर बड़ी संख्या में नागरिक, युवा और स्कूली विद्यार्थी देशभक्ति के उत्साह के साथ यात्रा में शामिल हुए।

भारत माता के जयकारों और देशभक्ति के नारों से नगर का माहौल राष्ट्रप्रेम से सराबोर रहा। सुठालिया में यात्रा बस स्टैंड से शुरू होकर नगर के विभिन्न मार्गों से गुजरी। मंत्री पंवार ने नागरिकों के साथ कदम से कदम मिलाकर यात्रा की और लोगों से घरों व प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराने का आह्वान किया। इस दौरान उन्होंने स्वामी विवेकानंद, डॉ. भीमराव अंबेडकर और गोवा मुक्ति आंदोलन के स्वतंत्रता सेनानी शिवदयाल मिश्रा को श्रद्धांजलि अर्पित की।

विभाजन की पीड़ा को याद कर बोले- इतिहास से सीख लें

मंत्री पंवार ने कहा कि देश की आजादी असंख्य वीर सपूतों के त्याग और बलिदान का परिणाम है। तिरंगा केवल ध्वज नहीं, बल्कि देश के स्वाभिमान, गौरव, एकता और अखंडता का प्रतीक है। उन्होंने युवाओं से स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की अपील की।

14 अगस्त को मनाए जाने वाले विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि 1947 में विभाजन के दौरान लाखों लोगों को विस्थापन और पीड़ा झेलनी पड़ी। इस त्रासदी को याद करने का उद्देश्य किसी के प्रति वैमनस्य पैदा करना नहीं, बल्कि इतिहास से सीख लेकर भविष्य में ऐसी स्थिति की पुनरावृत्ति रोकना है। उन्होंने जाति, पंथ, भाषा और क्षेत्र से ऊपर उठकर राष्ट्र प्रथम की भावना मजबूत करने का संदेश दिया।

राज्यमंत्री पंवार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत रक्षा, तकनीक, अर्थव्यवस्था और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। भाजपा सरकार ने सुठालिया क्षेत्र में शिक्षा, सड़क, बिजली और पेयजल सहित विकास कार्य किए हैं। सुठालिया में कॉलेज का निर्माण युवाओं के लिए बड़ी सौगात है। इससे स्थानीय विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर मिलेंगे। उन्होंने युवाओं से आत्मनिर्भर और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक