राजगढ़ः कलेक्टर ने समय-सीमा बैठक में की विभागों के कार्यों की गहन समीक्षा
राजगढ़, 08 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के कलेक्टर डॉ. गिरीशकुमार मिश्रा ने सोमवार को आयोजित समय-सीमा पत्रों की समीक्षा बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों की गहन समीक्षा करते हुए अधिकारियों को शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन के निर्देश दिए।
बैठक में स्वच्छता एवं वृक्षारोपण अभियान, जनकल्याण शिविरों की तैयारियां, पेयजल व्यवस्था, प्राकृतिक खेती, निर्माण कार्यों की प्रगति तथा लंबित शिकायतों की समीक्षा की गई। जनकल्याण शिविरों की तैयारियों की समीक्षा के दौरान आवश्यक जानकारी उपलब्ध नहीं कराने पर पीओ डूडा, जल निगम, पीएचई, स्वास्थ्य एवं आयुष विभाग के अधिकारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सभी विभागों को अपनी विस्तृत कार्ययोजना सोमवार शाम तक प्रस्तुत करने को कहा गया।
कलेक्टर ने जिले में स्वच्छता और वृक्षारोपण कार्यक्रमों के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने तथा जनप्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। छात्रावासों, विद्यालयों, आंगनवाड़ी केंद्रों और शासकीय कार्यालयों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने पर जोर दिया गया। प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए उप संचालक कृषि को जनकल्याण शिविरों के माध्यम से प्रतिदिन 20 क्लस्टरों में जागरूकता कार्यक्रम संचालित करने के निर्देश दिए गए। वहीं 50 दिन से अधिक समय से लंबित शिकायतों के शीघ्र निराकरण के आदेश भी दिए गए। सार्थक अटेंडेंस ऐप की समीक्षा में मुख्यालय से उपस्थिति दर्ज नहीं करने के मामले में सारंगपुर के कंप्यूटर ऑपरेटर गोविंद शिवहरे के दो दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए गए।
पेयजल संबंधी शिकायतों को सर्वोच्च प्राथमिकता से निराकृत करने के निर्देश देते हुए कलेक्टर ने कहा कि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। बैठक में निर्माण कार्यों, खाद्य विभाग के प्रकरणों, पीलूखेड़ी औद्योगिक क्षेत्र के उद्योगों की जल-विद्युत खपत तथा हितग्राहीमूलक योजनाओं के भौतिक सत्यापन की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि योजनाओं और समय-सीमा वाले प्रकरणों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक