टीकमगढ़: गोवर्धन पूजा में विधायक-कलेक्टर ने किया गोमाता और गौवंश का पूजन
- धजरई गोधाम गौशाला में हुआ जिला स्तरीय आयोजन, गौपालकों को पशुपालन और सरकारी योजनाओं की दी जानकारी
टीकमगढ़, 09 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिले में गोवर्धन पूजा के अवसर पर सोमवार को जिले में परंपरा, आस्था और गौसेवा का संगम देखने को मिला।
धजरई गोधाम गौशाला में जिला प्रशासन और पशुपालन एवं डेयरी विभाग की ओर से जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें जतारा विधायक हरिशंकर खटीक, बुंदेलखंड पीठाधीश्वर महंत सीताराम दास महाराज, कलेक्टर विवेक श्रोतिय और जनप्रतिनिधियों ने विधि-विधान से गोवर्धन महाराज की पूजा-अर्चना की। इसके बाद गौशाला में गौवंश का पूजन कर गौसेवा का संदेश दिया गया। शहर के मऊ चुंगी रोड स्थित आसरा गौ सेवा केंद्र में भी गौपूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया।
विधायक हरिशंकर खटीक ने कहा कि गोवर्धन पूजा भारतीय संस्कृति में गौमाता, प्रकृति और कृषि के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का पर्व है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, भगवान श्रीकृष्ण ने गोवर्धन पर्वत उठाकर ब्रजवासियों की रक्षा की थी और गौधन के महत्व को स्थापित किया था। यह पर्व प्रकृति और पशुधन के संरक्षण के साथ कृषि संस्कृति के प्रति सम्मान का संदेश देता है। इसी परंपरा और सांस्कृतिक महत्व को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से जिला स्तरीय आयोजन किया गया।
गौपालकों को बताईं विभागीय योजनाएं
कलेक्टर विवेक श्रोतिय ने बताया कि कार्यक्रम में गोवर्धन पर्वत और गोमाता की प्रतीकात्मक पूजा के साथ गौसेवा, भजन-कीर्तन और प्रसाद वितरण किया गया। इस दौरान गौपालकों और किसानों को पशुपालन को प्रोत्साहित करने के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी दी गई। उन्हें गौपालन, उन्नत नस्ल सुधार और पशुओं के टीकाकरण के महत्व के बारे में भी बताया गया, ताकि पशुधन का बेहतर रखरखाव और संरक्षण किया जा सके।
गौ संरक्षण की मांग को लेकर 4 दिसंबर को भोपाल में प्रदर्शन
बुंदेलखंड पीठाधीश्वर महंत सीताराम दास महाराज ने कहा कि देश की सुख-समृद्धि और विकास के लिए गोवंश का संरक्षण एवं संवर्धन आवश्यक है। गौवध पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने और गौमाता को राष्ट्रमाता का दर्जा देने की मांग को लेकर गौ संरक्षण संवर्धन आह्वान अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 4 दिसंबर को भोपाल में प्रदेश स्तरीय प्रदर्शन और ज्ञापन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें प्रदेशभर के साधु-संत, गौसेवक और विभिन्न धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल होंगे।
कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष सरोज राजपूत, पूर्व विधायक राकेश गिरी गोस्वामी, जिला पंचायत सदस्य छत्रपाल सिंह, स्वप्निल तिवारी, डॉ. नंदकिशोर दीक्षित, मुन्नीलाल यादव सहित जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे