सागरः वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व के पास बाघ का हमला, युवक गंभीर घायल; गांव में फैली दहशत

 


सागर, 22 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले में मानव-वन्यजीव संघर्ष का मामला सामने आया है। रहली थाना क्षेत्र के अंतर्गत वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व से सटे ग्राम मुहली पटना में सोमवार को एक बाघ ने ग्रामीण युवक पर हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए सागर के बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम मुहली पटना निवासी 31 वर्षीय सुदामा यादव रोज की तरह सोमवार को अपने मवेशियों के लिए चारा लेने घर से निकला था। इसी दौरान वह बाड़े के पास पहुंचा, जहां पहले से ही एक बाघ मौजूद था। अचानक सामने बाघ को देखकर सुदामा घबरा गया और जान बचाने के लिए वहां से भागने लगा।

बताया जा रहा है कि भागते समय बाघ ने पीछे से छलांग लगाकर सुदामा पर हमला कर दिया। बाघ ने उसके हाथ को अपने जबड़े में दबोच लिया। सुदामा ने हिम्मत दिखाते हुए किसी तरह अपना हाथ छुड़ाया, लेकिन इस दौरान बाघ ने उसकी पीठ पर पंजे मार दिए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घायल युवक ने बताया कि बाघ के हमले के बाद उसने जोर-जोर से मदद के लिए आवाज लगाई। शोर सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की भीड़ और शोरगुल देखकर बाघ वहां से जंगल की ओर भाग गया।

ग्रामीणों ने तत्काल घटना की सूचना दी और घायल सुदामा को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज सागर रेफर किया गया। चिकित्सकों के अनुसार बाघ के दांत और पंजों से युवक के हाथ और पीठ पर गहरे घाव हुए हैं, जिसके चलते उसे टांके लगाए गए हैं। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। वन अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर बाघ के पगमार्क की तलाश शुरू की है। आसपास के क्षेत्र में सर्चिंग अभियान भी चलाया गया, लेकिन अभी तक बाघ का पता नहीं चल पाया है।

वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व से लगे गांव में इस घटना के बाद ग्रामीणों में भय का माहौल है। लोग खेतों में जाने और मवेशियों को बाहर ले जाने से भी डर रहे हैं। वन विभाग ने ग्रामीणों को सतर्क रहने और अकेले जंगल क्षेत्र की ओर नहीं जाने की सलाह दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे