राजगढ़ः दो सड़क हादसे में दो शिक्षक सहित तीन घायल
राजगढ़, 29 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में बुधवार को अलग-अलग स्थानों पर हुए दो सड़क हादसों में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
पहला हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग-52 पर जालपा माता मंदिर के समीप हुआ,जहां तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने एक बाइक को टक्कर मार दी। वहीं दूसरा हादसा खुजनेर रोड स्थित चाटूखेड़ा जोड़ के पास हुआ,जहां तेज रफ्तार दुग्ध वाहन की टक्कर से स्कूल से लौट रहे दो शिक्षक घायल हो गए। सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि पुलिस ने दोनों मामलों की जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली थाना पुलिस के अनुसार दोपहर में एनएच-52 पर जालपा माता मंदिर के पास तेज गति से गुजर रहे अज्ञात वाहन ने बाइक सवार अशोक (35) पुत्र नारायण वर्मा निवासी सेमली कांकड़ को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद राहगीरों ने तत्काल 108 एंबुलेंस को सूचना दी। घायल को जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
इधर, खुजनेर रोड स्थित चाटूखेड़ा जोड़ के समीप सामने से आ रहे तेज रफ्तार दुग्ध वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। दुर्घटना में बाइक सवार ओमप्रकाष (33)पुत्र श्रीनाथ वर्मा निवासी रनावा थाना छापीहेड़ा और सियाराम (30) पुत्र नारायणसिंह वर्मा निवासी कल्पोनी थाना खुजनेर गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों के पैरों में गंभीर चोटें आने पर प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया। जानकारी के अनुसार दोनों घायल बांइहेड़ा स्कूल में शिक्षक हैं और विद्यालय से अपने गांव लौट रहे थे,तभी हादसे का शिकार हो गए। पुलिस ने दोनों मामलों में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक