राजगढ़ः होड़ा माता पहाड़ी के समीप दो बाइकों की भिड़ंत, ढाई साल का मासूम सहित तीन गंभीर

 


राजगढ़, 10 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के भोजपुर थाना क्षेत्र में होड़ा माता टेकरी के समीप बुधवार को दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर में ढाई साल का मासूम गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि दो युवकों को गंभीर चोटें आने पर प्राथमिक उपचार के बाद रेफर किया गया।

जानकारी के अनुसार, ग्राम परसुपुरा निवासी बिरम तंवर (18) अपने साथी राधेश्याम और जीजा भगवानसिंह तंवर के साथ बाइक से होड़ा माता मंदिर से गांव लौट रहा था। दूसरी ओर दंड निवासी पवन भील अपनी पत्नी सोना और ढाई वर्षीय पुत्र आयुष के साथ बाइक से होड़ा माता मंदिर जा रहा था, जहां ससुराल पक्ष की ओर से भोजन कार्यक्रम आयोजित था। होड़ा माता पहाड़ी के पास दोनों बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहन सड़क पर गिर गए और सवार घायल हो गए। हादसे में मासूम आयुष को गंभीर चोटें आईं। परिजन उसे तत्काल उपचार के लिए झालावाड़ अस्पताल लेकर रवाना हो गए। वहीं पवन भील के पैरों में गंभीर चोटें आईं, जबकि बिरम तंवर का पैर फ्रैक्चर हो गया। दोनों घायलों को खिलचीपुर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक