अनूपपुर: तीन हाथियों का दल गोवरी जंगल में डेरा डाले, एक हाथी लापता; ग्रामीणों में सतर्कता
अनूपपुर, 13 अप्रैल (हि.स.)। मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले में हाथियों की गतिविधियां लगातार बढ़ती जा रही हैं। तीन हाथियों का एक दल रविवार रात वन परिक्षेत्र राजेंद्रग्राम के पटना बीट से निकलकर सोमवार सुबह जैतहरी वन परिक्षेत्र के गोवरी बीट के जंगल में पहुंच गया, जहां उन्होंने डेरा जमा लिया है।
जानकारी के अनुसार, इन हाथियों ने रास्ते में कई गांवों के किसानों की खेतों में खड़ी और रखी फसलों को नुकसान पहुंचाया। बीते करीब 10 दिनों से यह दल राजेंद्रग्राम क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में सक्रिय था और रविवार देर रात हवेली पंचायत के आमाटोला निवासी बुटारी सिंह एवं हर्रई पंचायत के डोकराटोला निवासी टोप सिंह के खेतों में फसल को नुकसान पहुंचाते हुए आगे बढ़ा। इसके बाद यह दल विभिन्न जंगल क्षेत्रों से गुजरते हुए गोवरी बीट के झुरहीतलैया जंगल में पहुंच गया।
इधर, चार हाथियों के समूह से अलग हुआ एक अकेला हाथी फिलहाल लापता बताया जा रहा है। यह हाथी रविवार मध्यरात्रि वन परिक्षेत्र अनूपपुर के भोलगढ़ बीट अंतर्गत चटुआ गांव में एक ग्रामीण के कच्चे मकान में तोड़फोड़ करने के बाद जंगल की ओर चला गया। वन विभाग उसकी तलाश में जुटा हुआ है।
इस अकेले हाथी ने पिछले दो दिनों में कई स्थानों पर नुकसान पहुंचाया है। पोंड़ी बीट क्षेत्र के बघमंडा जंगल में एक कच्चे मकान को नुकसान पहुंचाने के साथ ही किसानों की फसलों को भी नुकसान पहुंचाया। वहीं चटुआ गांव में समयलाल पाव के घर में घुसकर तोड़फोड़ की और अनाज खा गया। घटना के दौरान परिवार के सदस्य किसी तरह घर से निकलकर सुरक्षित स्थान पर पहुंच गए।
वन विभाग की टीम लगातार हाथियों की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है। वन परिक्षेत्र अधिकारी और वन्यजीव संरक्षक शशिधर अग्रवाल ग्रामीणों के साथ मिलकर रात्रि में निगरानी कर रहे हैं। समय पर सूचना और ग्रामीणों की सतर्कता के चलते अब तक किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।
वन विभाग ने ग्रामीणों से सतर्क रहने, रात के समय अकेले बाहर न निकलने और हाथियों की सूचना तुरंत विभाग को देने की अपील की है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला